साइबर ठगी के 2 पीड़ितों को लौटाए 4.84 लाख रुपए:एपीके फाइल भेजकर और गाड़ी दिलाने के नाम पर की थी ठगी
मिर्जापुर में साइबर ठगी के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने पीड़ितों को बड़ी राहत दी है। चील्ह और कटरा कोतवाली की साइबर सेल टीम ने जांच और बैंक से समन्वय कर ठगी की पूरी रकम 4 लाख 84 हजार रुपए पीड़ितों के खातों में वापस करा दी। रकम वापस मिलने पर पीड़ितों ने पुलिस टीम का आभार जताया। एपीके फाइल भेजकर खाते से निकाले 16 हजार रुपए पहला मामला चील्ह थाना क्षेत्र का है। यहां रहने वाली स्वाती सिंह के साथ एपीके फाइल भेजकर साइबर ठगी की गई थी। जालसाजों ने फाइल के जरिए यूपीआई से उनके खाते से 16 हजार रुपए निकाल लिए थे। पीड़िता ने 17 सितंबर 2026 को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद चील्ह थाने की साइबर सेल टीम ने जांच शुरू की। टीम ने ठगी की पूरी रकम होल्ड करा दी। इसके बाद न्यायालय के आदेश पर 16 हजार रुपए पीड़िता के खाते में वापस करा दिए गए। वाहन दिलाने के नाम पर 4.68 लाख रुपए ठगे दूसरा मामला कटरा कोतवाली क्षेत्र के बथुआ रीवा रोड निवासी अरविंद कुमार सिंह से जुड़ा है। जालसाजों ने उन्हें वाहन दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगी की। इंटरनेट बैंकिंग के जरिए उनके खाते से 4 लाख 68 हजार रुपए का लेनदेन कर लिया गया। शिकायत मिलने पर कोतवाली कटरा की साइबर सेल टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने संबंधित बैंक और मर्चेंट से समन्वय कर पूरी रकम होल्ड करा दी। नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 4 लाख 68 हजार रुपए पीड़ित के खाते में वापस करा दिए गए। पुलिस ने साइबर ठगी से बचने की दी सलाह पुलिस ने पीड़ितों को साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया। अनजान नंबर से भेजी गई एपीके फाइल डाउनलोड या इंस्टॉल नहीं करने की सलाह दी। वाहन खरीदने के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति को अग्रिम भुगतान करने से पहले उसकी पूरी जानकारी सत्यापित करने को कहा। पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 या वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते रकम को होल्ड कराकर वापस कराने की कार्रवाई की जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)