हरदोई में पटाखे की चिंगारी से मकान में लगी आग:वाशिंग मशीन और किचन का सामान जला, परिवार ने कमरे में छिपकर बचाई जान
हरदोई शहर के मोहल्ला वैटगंज में दीपावली की खुशियों के बीच एक दर्दनाक हादसा होते-होते बच गया। सड़क पर जलाए जा रहे पटाखों से निकली चिंगारी किराए के मकान की पहली मंजिल पर स्थित बरामदे में जा गिरी, जिससे वहां भीषण आग लग गई। आग में वाशिंग मशीन और किचन का सारा सामान जलकर खाक हो गया। इससे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। घटना रविवार देर रात करीब 12:15 बजे की है। रायबरेली जिले के रहने वाले महेश सिंह टोडरपुर ब्लॉक के जगधरपुर प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक हैं। वह अपनी पत्नी रचना और एक साल की बेटी के साथ वैटगंज में ब्रजपाल सिंह के मकान की पहली मंजिल पर किराए पर रहते हैं। उनके कमरे और किचन के बीच बने हवादार बरामदे में सड़क की ओर जाली लगी हुई है। रविवार देर रात करीब 12 बजे पूरा परिवार कमरे में सो रहा था, तभी बाहर हो रही आतिशबाजी से उड़कर आई एक चिंगारी बरामदे में गिर गई। चिंगारी ने वहां रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आधी रात को अचानक आग लगने से मोहल्ले में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। मोहल्ले के लोगों ने समरसेबल के पाइप से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। करीब 45 मिनट की मशक्कत और सामूहिक प्रयासों के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। इस बीच दमकल विभाग को भी घटना की सूचना दी गई थी, लेकिन फायर ब्रिगेड की गाड़ी के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने आग बुझा दी। आग में घरेलू उपकरण और किचन का सामान जलकर नष्ट हो गया। हालांकि, समय रहते आग पर काबू पा लेने से दंपति और उनकी एक साल की बेटी बाल-बाल बच गए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)