‘स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना’के तहत स्टूडेंट्स को टैबलेट बांटे:भाजपा MLC जयपाल व्यस्त बोले-रील बनाने के बजाए पढ़ाई पर ध्यान दें छात्र-छात्राएं
उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी 'स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना' के तहत आज मुरादाबाद में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन कर छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए गए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे भाजपा नेता और एमएलसी डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त ने विद्यार्थियों को टैबलेट सौंपे और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त ने कहा कि आज का युग डिजिटल युग है, जहां शिक्षा से लेकर कार्यालयों के कामकाज तक सब कुछ बहुत तेजी से ऑनलाइन हो रहा है। इसी जरूरत को देखते हुए सरकार द्वारा युवाओं को डिजिटल रूप से सक्षम बनाने के लिए टैबलेट बांटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस कदम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को विज्ञान और तकनीक के प्रति जागरूक करना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है। युवाओं से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि इस टैबलेट का उपयोग केवल शिक्षा और ज्ञान बढ़ाने के लिए ही किया जाए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी इस डिजिटल साधन का दुरुपयोग न करें। सोशल मीडिया पर रील बनाकर समय बर्बाद करने के बजाय, इसका इस्तेमाल अपनी पढ़ाई और करियर को संवारने में करें। डॉ. व्यस्त बोले- "आज डिजिटल युग में शिक्षा और कार्यालयों का काम तेजी से ऑनलाइन हो रहा है। इसी को देखते हुए सरकार युवाओं को तकनीकी रूप से सशक्त करने के लिए टैबलेट वितरण कर रही है। हमारा उद्देश्य बच्चों को विज्ञान और तकनीक से जोड़ना है। मैं युवाओं से अपील करता हूं कि वे इस टैबलेट का सदुपयोग करें। इसे रील बनाने में बर्बाद न करें, बल्कि अपनी पढ़ाई और ज्ञान बढ़ाने में इसका लाभ उठाएं।" इस अवसर पर टैबलेट मिलने के बाद छात्र-छात्राओं के चेहरों पर भारी खुशी देखने को मिली। उन्होंने सरकार और प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे उनकी ऑनलाइन पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में बड़ी मदद मिलेगी। कार्यक्रम में कई गणमान्य नागरिक, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)