यूपी में रामकथा सुनने आए पाकिस्तानी हिंदू:कहा- खुलेआम पूजा नहीं कर सकते; महिलाएं बोलीं- बुर्का नहीं पहनते, इसलिए घूंघट करते हैं

Nov 20, 2026 - 05:45
0
यूपी में रामकथा सुनने आए पाकिस्तानी हिंदू:कहा- खुलेआम पूजा नहीं कर सकते; महिलाएं बोलीं- बुर्का नहीं पहनते, इसलिए घूंघट करते हैं
प्रतापगढ़ के कुंडा के भव्य पंडाल में पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने 3 दिन (17 से 19 नवंबर) रामकथा कही। लाखों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। लेकिन, पंडाल की दूधिया रोशनी में वीआईपी घेरे में सबसे आगे बैठी कतारों ने सभी का ध्यान खींचा। एक तरफ पारंपरिक राजस्थानी-सिंधी पहनावे और लंबे घूंघट में महिलाएं थीं। तो दूसरी तरफ माथे पर चंदन का तिलक लगाए, हाथ जोड़े भावुक बैठे पुरुष थे। ये कोई आम श्रोता नहीं, बल्कि पाकिस्तान के सिंध प्रांत से अपना घर-जमीन छोड़कर भारत आए हिंदू शरणार्थी थे। कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के विशेष आमंत्रण पर जोधपुर से 10 बसों में भरकर ये लोग आए। इन शरणार्थियों को न सिर्फ कथा पंडाल में सबसे आगे जगह दी गई है, बल्कि बेंती राजभवन के पीछे आम के बाग में बने तीन बड़े कैंपों में इनकी शाही मेहमाननवाजी भी हुई। कुंडा की भव्य रामकथा का केंद्र यही लोग रहे। इनका कहना है कि पूजा तो पाकिस्तान में भी करते थे…मगर छिपकर करनी पड़ती थी। हमें पहली बार इतना सम्मान मिला। पढ़िए रिपोर्ट… कुंडा के विधायक राजा भैया 2024 में राजस्थान गए थे। जोधपुर में उनकी मुलाकात हिंदू शरणार्थियों से हुई। ये शरणार्थी अलग-अलग सालों में पाकिस्तान के सिंध राज्य से भागकर भारत आ गए थे। राजा भैया से इन लोगों ने अपना दर्द कहा कि हम अपना घर बार छोड़ आए। यहां जैसे तैसे गुजर बसर कर रहे हैं। राजा भैया ने उन लोगों की मदद की। उस वक्त जो सिलसिला शुरू हुआ, वो आज तक जारी है। दिल्ली के मजनू टीला इलाके में भी कई पाकिस्तानी शरणार्थी रहते हैं। राजा भैया इन लोगों से भी मिले। बाद में शरणार्थियों के बच्चों ने राजा भैया का जन्मदिन मनाया। पाकिस्तानी शरणार्थी बने यजमान, धीरेंद्र शास्त्री ने कराया हवन पाकिस्तानी शरणार्थियों से लगाव के चलते राजा भैया ने पिछले साल ही तय किया था, जब भी रामकथा करवाएंगे, इन्हें जरूर बुलाएंगे। कथा के पहले दिन 10 बसों से इन लोगों को जोधपुर से कुंडा लाया गया। राजा के बेंती राजभवन के पीछे आम के बाग में तीन बड़े कैंप बनाए गए। इनमें इन लोगों को ठहराया गया। इनकी संख्या करीब 500 बताई गई। एक पूरी टीम इन लोगों की देखभाल के लिए रही, जो उनके खाने-पानी की व्यवस्था भी देखती रही। आम लोगों से उन्हें दूर रखा गया, कैंप के आसपास पुलिस भी तैनात रही। इन शरणार्थियों को बेंती राजभवन में इकट्ठा करके हवन-पूजन और शुद्धिकरण भी करवाया गया। इस दौरान यज्ञवेदी पर खुद पंडित धीरेंद्र शास्त्री बैठे थे। दैनिक भास्कर की टीम भी यहां मौजूद रही। शरणार्थी बोले- सनातन के लिए पाकिस्तान छोड़ा हमसे बातचीत करते हुए पाकिस्तान से आए हीरालाल कहते हैं- पाकिस्तान 2018 में छोड़ दिया था। हमने जिंदगी में नहीं सोचा था कि बागेश्वर बाबा से मुलाकात हो सकेगी। दिल प्रसन्नता से भर गया। सबसे अच्छा ये रहा कि उन्होंने अपने साथ हवन करवाया। आत्मा तक शुद्ध हो गई। यहां हमारी हर जरूरत का ख्याल रखा जा रहा। हमने पूछा- क्या अब पाकिस्तान लौटना चाहते हैं? हीरालाल कहते हैं- हम तो चाहते हैं कि भारत की नागरिकता मिल जाए। ये देश अच्छा है। सनातन के लिए ही तो हमने पाकिस्तान छोड़ दिया। यहां पूजा-पाठ का अधिकार है। वहां सरेआम ऐसा नहीं कर सकते, डरकर घर में ही करना पड़ता है। वहां बच्चों की पढ़ाई में भी भेदभाव किया जाता है। हम छोटी बेटियों को पढ़ने भेज देते हैं। लेकिन, बेटियों को बड़ा होने पर स्कूल भेजने में डर लगता है। आप लोग तो पाकिस्तान में हिंदुओं के साथ क्या हो रहा है, ये सब न्यूज चैनल पर देखते ही होंगे। महिलाएं बोलीं- आदत हो गई है चेहरा ढंकने की… रामकथा में बैठी पाकिस्तानी शरणार्थी हिंदू महिलाओं ने लंबे घूंघट किए हुए थे। हमने एक महिला से पूछा कि आप लोगों ने घूंघट क्यों किए हैं? वह कहती हैं- पाकिस्तान में मुस्लिम महिलाएं बुर्का पहनती हैं। इसलिए जो भी हिंदू महिलाएं घर से बाहर निकलती हैं, वो ज्यादातर घूंघट में रहती हैं, ऐसा चेहरा ढंकने के लिए करते हैं। 40 साल की सीता देवी कहती हैं- कुंडा आकर हम लोगों को बहुत अच्छा लग रहा। जिस बागेश्वर धाम को मोबाइल पर देखा और सुना… आज पहली बार उन्हें सामने से देखा। कभी ऐसा नहीं हुआ कि किसी ने बुलाकर सबसे आगे वीआईपी की तरह बैठाया हो। अब लगता नहीं कि दोबारा कभी ऐसा हो सकेगा। पाकिस्तान के हाल पर वह कहती हैं- वैसे हमें वहां कोई बड़ी दिक्कत नहीं, लेकिन महंगाई बहुत ज्यादा है। रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली चीजों को खरीदने के लिए लोगों के पास पैसा ही नहीं है। वहीं करीब बैठी राधा कहती हैं- हम लोग 10 साल पहले भी आए थे, लेकिन हमारे कल्चर में ही घूंघट है। ये हमारी रीति है, इसलिए हम लोग यहां कुंडा में भी घूंघट किए हैं। ‘धर्म देखकर रेप कर देते हैं, इसलिए डर ज्यादा’ कथा पंडाल में हमारी मुलाकात आकाश और उनके परिवार के लोगों से हुई। सामने आया कि ये लोग 2018 में टूरिस्ट वीजा लेकर भारत आए थे। फिर पाकिस्तान वापस नहीं गए। इन्हें अभी भारत की नागरिकता नहीं मिली है, लेकिन यहां पर पढ़ाई शुरू कर दी है। आकाश कहते हैं- पाकिस्तान में हिंदू-मुस्लिम भेदभाव ज्यादा है। धर्म देखकर रेप हो जाते हैं। यहां ऐसा कुछ नहीं है। इसीलिए हम लोगों ने अपना घर और जमीन वहीं छोड़ दिया और भारत चले आए। लेकिन अभी हम लोग थोड़ा परेशान हैं, क्योंकि पाकिस्तान से आने की वजह से थाने के चक्कर लगाने पड़ते हैं। स्कूल में टीचर तो अच्छा व्यवहार करते हैं, लेकिन साथ पढ़ने वाले स्टूडेंट हमारे बच्चों को अपना नहीं मानते। आकाश आगे कहते हैं- हमारे परिवार के कुछ सदस्य अभी भी पाकिस्तान में हैं। उनसे बातचीत भी होती रहती है। वो लोग कहते हैं कि अगर वीजा मिलेगा तो हम भी पाकिस्तान छोड़कर भारत आ जाएंगे। यहां हम सुरक्षित महसूस करते हैं। जानिए शरणार्थियों को क्या वीआईपी सुविधाएं मिलीं रामकथा में पाकिस्तान से आए इन 500 लोगों को वीआईपी सुविधाएं दी जा रही हैं। जब ये लोग अपने कैंप से निकलकर मुख्य पंडाल में दाखिल होते हैं, तो इनके लिए बाकायदा एक 'ग्रीन कॉरिडोर' बनाया जाता है। दोनों तरफ स्वयंसेवक सुरक्षा घेरा बनाते हैं। बीच में 'जय श्रीराम' का उद्घोष करते हुए यह काफिला सीधे मंच के सामने अपनी आरक्षित जगह पर पहुंचता है। पंडाल की चकाचौंध और कथा के भक्तिमय माहौल के बीच इन चेहरों पर एक अनोखी चमक और सुकून साफ पढ़ा जा सकता है। इसी लाइन में मिले सुरेश बेहद खुश नजर आए। कहते हैं- मैं करीब 50 साल का हो गया हूं। जिंदगी में कभी इस तरह के कार्यक्रम में शामिल होने का मौका नहीं मिला। सिर्फ इतना ही कहूंगा कि राजा भैया का धन्यवाद…। 20 नवंबर यानी कल जब रामकथा खत्म होगी, उसके बाद हम लोग प्रयागराज संगम जाएंगे। वहां गंगा स्नान करेंगे। फिर वाराणसी में बाबा विश्वनाथ और अयोध्या में प्रभु श्रीराम लला के दर्शन करेंगे। फिर हम लोग जोधपुर लौट जाएंगे। भारत की नागरिकता पर क्यों पेंच फंसा, ये भी पढ़िए ----------------------------- भास्कर सर्वे में हिस्सा लें आपका विधायक काम करता है या नहीं, सर्वे में बताइए…

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User