सुल्तानपुर की 2 सीटों पर कांग्रेस की दावेदारी:33 साल से जीत का इंतजार, 4 सीटों पर 12 और एक सीट पर 13 चुनाव हुए
यूपी में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में 181 सीटों का दावा करने वाली कांग्रेस ने सुल्तानपुर जिले की पांच विधानसभा सीटों में से दो पर दावेदारी की है। पार्टी सुल्तानपुर और लंभुआ सीट पर चुनाव लड़ना चाहती है। हालांकि, जिले में कांग्रेस का चुनावी प्रदर्शन लंबे समय से कमजोर रहा है। पार्टी 1989 के बाद यहां कोई विधानसभा चुनाव नहीं जीत पाई है। 1977 से 2022 तक जिले की चार विधानसभा सीटों पर 12 चुनाव हुए, जबकि एक सीट पर 13 बार चुनाव हुआ। इस दौरान कांग्रेस ने कई सीटों पर बार-बार पुराने चेहरों को टिकट दिया। नए नेताओं को मौका नहीं मिलने से पार्टी के भीतर गुटबाजी बढ़ी और संगठन कमजोर होता चला गया। नतीजा यह रहा कि कभी जिले में मजबूत स्थिति रखने वाली कांग्रेस चुनावी मैदान में लगातार पिछड़ती गई। इसौली से सीएम बने श्रीपति मिश्रा, कांग्रेस को 2 बार जीत जिले की इसौली विधानसभा सीट से कांग्रेस की मजबूत पकड़ रही है। इसी सीट से चुनाव जीतकर पं. श्रीपति मिश्रा 1982 में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे। 1977 से 2022 तक हुए चुनावों में कांग्रेस को इसौली सीट पर दो बार जीत मिली। 1980 में श्रीपति मिश्रा और 1985 में पं. जय नारायण तिवारी विधायक बने। इसके बाद पार्टी ने जय नारायण तिवारी पर लगातार भरोसा जताया। 2009 के उपचुनाव तक उन्हें चार बार टिकट दिया गया। लेकिन एक बार जीतने के बाद बाकी चुनावों में वह दूसरे और तीसरे स्थान पर ही रहे। 2022 के चुनाव में कांग्रेस ने सपा से आए बीएम यादव को प्रत्याशी बनाया, लेकिन वह महज 2306 वोट हासिल कर सके। जयसिंहपुर से सदर बनी सीट पर भी पुराने चेहरे को मौका परिसीमन के बाद जयसिंहपुर सीट सदर विधानसभा के नाम से जानी जाने लगी। इस सीट को लेकर कहा जाता है कि यहां से जिस पार्टी का विधायक जीतता है, प्रदेश में उसी पार्टी की सरकार बनती है। कांग्रेस के देवेंद्र पांडेय ने 1980 और 1985 में लगातार दो चुनाव जीते थे। लेकिन 1989 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद पार्टी ने इसौली से चुनाव हार चुके पं. जय नारायण तिवारी को 2002, 2007 और 2012 में लगातार टिकट दिया। तीनों चुनावों में उनका प्रदर्शन कमजोर रहा। उन्हें क्रमश: 25,198, 19,903 और 7,174 वोट मिले। 2022 में कांग्रेस ने जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा को मैदान में उतारा, लेकिन उन्हें महज 4,133 वोट मिले। सुल्तानपुर में मोईद अहमद ने लगाई हैट्रिक, फिर 4 चुनाव हारे सुल्तानपुर विधानसभा सीट पर 1980 से 1989 तक कांग्रेस के मोईद अहमद ने लगातार तीन चुनाव जीतकर हैट्रिक लगाई थी। लेकिन इसके बाद 1991, 1993, 2002 और 2007 के चुनावों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। लगातार हार के बावजूद पार्टी ने उन्हें टिकट दिया। बार-बार एक ही चेहरे पर दांव लगाने से दूसरे नेताओं को मौका नहीं मिला और संगठन कमजोर होता गया। 2022 के चुनाव में मुस्लिम बहुल इस सीट पर कांग्रेस ने फिरोज खान को प्रत्याशी बनाया, लेकिन उन्हें 2,655 वोट ही मिले। लंभुआ में 2022 में मिले सिर्फ 1,930 वोट लंभुआ विधानसभा सीट परिसीमन से पहले चांदा के नाम से जानी जाती थी। कांग्रेस ने 1980 में राम सिंह और 1985 में शिव नारायण मिश्रा को जीत दिलाई थी। इसके बाद 1989 और 1993 के चुनाव में पार्टी ने शिव नारायण मिश्रा पर भरोसा जताया, लेकिन उन्हें जीत नहीं मिली। 1991 और 2007 में कांग्रेस ने सुभाष चंद्र त्रिपाठी को प्रत्याशी बनाया। वह इन चुनावों में दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। 2022 के चुनाव में पार्टी ने विनय विक्रम सिंह को टिकट दिया, लेकिन उन्हें महज 1,930 वोट मिले। अब इसी सीट पर कांग्रेस गठबंधन में अपनी दावेदारी जता रही है। कादीपुर में 5 बार जयराज गौतम को टिकट, 2 बार मिली जीत कादीपुर विधानसभा सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। यहां 1980 और 1989 में जयराज गौतम और 1985 में राम आसरे कांग्रेस से विधायक बने थे। इसके बाद पार्टी ने 1991, 1993 और 2002 के चुनाव में जयराज गौतम को टिकट दिया, लेकिन वह जीत नहीं सके। 2012 के चुनाव में उनके बेटे राजेश गौतम को टिकट दिया गया। वह भी तीसरे स्थान पर रहे। बाद में राजेश गौतम भाजपा में शामिल हो गए और 2017 से लगातार विधायक हैं। 2022 के चुनाव में कांग्रेस ने निकलेश सरोज को प्रत्याशी बनाया, जिन्हें 3,248 वोट मिले। 1996 में कांग्रेस ने नहीं उतारे प्रत्याशी 1977 से 2022 के बीच हुए विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने 1996 में जिले की किसी भी सीट पर प्रत्याशी नहीं उतारा था। वहीं, 2017 में सपा के साथ गठबंधन के तहत कांग्रेस ने केवल कादीपुर सीट पर अंगद चौधरी को टिकट दिया था। हालांकि, वह भी चुनाव हार गए थे। जिले में लगातार चुनावी हार और कमजोर संगठन के बावजूद कांग्रेस अब गठबंधन में सुल्तानपुर और लंभुआ सीटों पर दावेदारी कर रही है। ऐसे में पार्टी के सामने सीट हासिल करने के साथ-साथ पुराने चुनावी प्रदर्शन से उबरने और संगठन को मजबूत करने की चुनौती भी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)