बीमा क्लेम नहीं देने पर कंपनी को जुर्माना:बस्ती उपभोक्ता आयोग ने नेशनल इंश्योरेंस को दो लाख रुपये देने का आदेश दिया
बस्ती जिला उपभोक्ता आयोग ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना का क्लेम नहीं देने पर नेशनल इंश्योरेंस कंपनी को दो लाख रुपये क्षतिपूर्ति देने का आदेश दिया है। इस रकम पर वर्ष 2021 से 8 प्रतिशत सालाना ब्याज भी देना होगा। आयोग ने गुरुवार को यह फैसला सुनाया। आयोग के अध्यक्ष अमरजीत वर्मा और सदस्य अजय प्रकाश सिंह की पीठ ने गौर क्षेत्र के बलिया गांव निवासी राम उजागर की शिकायत पर यह आदेश दिया। राम उजागर ने अधिवक्ता राम आशीष वर्मा के जरिए आयोग में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, राम उजागर के बेटे सुनील (28) का भारतीय स्टेट बैंक की गौर शाखा में बचत खाता था। सुनील प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत बीमित थे। बाइक बेकाबू होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई 2 जुलाई 2021 की रात वह अपनी बहन के घर से बाइक से लौट रहे थे। अटर गांव के पास अचानक सड़क पर नीलगाय आ गई। नीलगाय को बचाने की कोशिश में सुनील की बाइक बेकाबू होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों को बीमा योजना के तहत क्षतिपूर्ति मिलने की उम्मीद थी, लेकिन क्लेम नहीं मिला। 8 प्रतिशत सालाना ब्याज चुकाने का आदेश इसके बाद राम उजागर ने उपभोक्ता आयोग में शिकायत की। सुनवाई के बाद आयोग ने कंपनी को दो लाख रुपये देने और उस पर वर्ष 2021 से 8 प्रतिशत सालाना ब्याज चुकाने का आदेश दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)