प्रयागराज में इंदिरा मैराथन, हल्की ठंड में 42km की दौड़:1000 धावक पहुंचे, विजेताओं को 2-2 लाख इनाम; इस बार 21km की हाफ मैराथन

Nov 19, 2026 - 06:51
0
प्रयागराज में इंदिरा मैराथन, हल्की ठंड में 42km की दौड़:1000 धावक पहुंचे, विजेताओं को 2-2 लाख इनाम; इस बार 21km की हाफ मैराथन
प्रयागराज में आज गुरुवार को 41वीं अखिल भारतीय इंदिरा मैराथन शुरू हुई है। महिला और पुरुष धावक पूरे जोश के साथ दौड़ रहे हैं। सुबह हल्की ठंड के बीच 6.30 बजे मैराथन की शुरुआत हुई। धावकों को देखने के लिए लोगों की अच्छी भीड़ सड़कों पर दिखाई दे रही है। इस बार मैराथन में 42.195 किलोमीटर की फुल मैराथन के साथ 21.097 किलोमीटर की हाफ मैराथन भी हो रही है। दोनों प्रतियोगिताओं में शामिल होने के लिए एक हजार से अधिक धावकों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। धावकों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, मेडिकल सुविधा और रास्ते में जलपान की व्यवस्था की गई है। यह मैराथन दौड़ देश की पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न स्व. इंदिरा गांधी की स्मृति में उनकी जयंती 19 नवंबर को होती है। पहली बार यह मैराथन वर्ष 1985 में हुई थी। इसमें राजीव गांधी द्वारा पुरस्कार दिया गया था। सुबह 6:30 बजे आनंद भवन से शुरू हुई दौड़ मैराथन की शुरुआत सुबह 6:30 बजे आनंद भवन परिसर से हुई। यहां से धावक निर्धारित रूट पर दौड़ते हुए शहर के प्रमुख मार्गों और ऐतिहासिक स्थलों से गुजर रहे हैं। आनंद भवन से निकलकर धावक यूनिवर्सिटी चौराहा, महिला छात्रावास, ताराचंद हॉस्टल, रेड ईगल डिवीजन, एमएनएनआईटी, रसूलाबाद और म्योराबाद पहुंचेंगे। इसके बाद बेली अस्पताल, म्योहाल चौराहा, बीएचएस, हीरा हलवाई, थार्नहिल रोड, एजी ऑफिस, इंदिरा चौराहा, हाईकोर्ट और आंबेडकर चौराहे से होते हुए एमजी मार्ग पर प्रवेश करेंगे। नए यमुना पुल से नैनी पहुंचेंगे धावक शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरने के बाद धावक पत्थर गिरिजाघर, हनुमान मंदिर, सीएमपी डिग्री कॉलेज और बैरहना पहुंचेंगे। यहां से नए यमुना पुल को पार कर नैनी क्षेत्र में प्रवेश करेंगे। नैनी में महेवा रोड तिराहा, बैंक ऑफ बड़ौदा, रीवा रोड, चाका ब्लॉक और नंद किशोर पीजी कॉलेज चौराहे से होते हुए उमरगंज, मामा भांजा तिराहा और भलरा चौराहे तक दौड़ होगी। इसके बाद धावक दादूपुर में पेट्रोल पंप के पास पहुंचकर यू-टर्न लेंगे। यहां से वापसी का सफर शुरू होगा। धावक निर्धारित मार्ग से वापस शहर में प्रवेश करेंगे और दौड़ का समापन मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में होगा। हर 2 से 3 किमी पर मिलेगा जलपान लंबी दूरी की दौड़ में धावकों की ऊर्जा और स्वास्थ्य का ध्यान रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। पूरे रूट पर हर 2 से 3 किलोमीटर की दूरी पर जलपान की व्यवस्था है। इसके लिए कुल 16 जलपान बूथ बनाए गए हैं। यहां धावकों को पानी और जरूरी जलपान उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा आयोजन को व्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस, प्रशासन और हेल्थ की टीमें भी तैनात हैं। सुबह 11 बजे तक पूरी होगी टॉप धावकों की दौड़ क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी शिव कुमार यादव के मुताबिक, मैराथन में शामिल टॉप धावक सुबह करीब 11 बजे तक अपनी दौड़ पूरी कर लेंगे। वहीं अन्य प्रतिभागियों के स्टेडियम पहुंचने का सिलसिला दोपहर 2 बजे तक जारी रहेगा। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में पुरस्कार बांटा जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User