न्यू नोएडा प्राधिकरण का ऑफिस चोला के पास बनेगा:2600 एकड़ जमीन खरीदेगा नोएडा प्राधिकरण, किसानों के लिए बनेगा अलग कॉन्फ्रेंस हॉल
न्यू नोएडा (डीएनजीआईआर) को बसाने की तैयारी अब तेज हो गई है। किसानों के बीच चौपाल लगाकर जमीन अधिग्रहण पर सहमति बनाने के साथ ही प्राधिकरण ने नए शहर का प्रशासनिक ढांचा तैयार करना शुरू कर दिया है। इसके तहत चोला के पास प्राधिकरण का नया कार्यालय बनाया जाएगा। इसके लिए नोएडा प्राधिकरण, उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) से करीब 2600 एकड़ जमीन खरीदेगा। इस जमीन का कुछ हिस्सा न्यू नोएडा की अधिसूचित सीमा से बाहर भी है। प्राधिकरण उसे भी खरीदने की तैयारी में है। जमीन की खरीद और कीमत तय करने के लिए जल्द ही यूपीसीडा के अधिकारियों के साथ बैठक होगी। नए कार्यालय में बड़े अधिकारियों के साथ कर्मचारियों के बैठने और किसानों से बातचीत के लिए भी अलग व्यवस्था की जाएगी। एक ही परिसर में बैठेंगे सीईओ, एसीईओ और ओएसडी न्यू नोएडा के नए कार्यालय का ब्लू प्रिंट प्राधिकरण के सर्किल स्तर पर तैयार किया जा रहा है। इसमें सीईओ, एसीईओ और ओएसडी के कार्यालय बनाए जाएंगे। इसके अलावा संबंधित सर्किल कार्यालय और लेखपालों के बैठने की व्यवस्था भी होगी। प्राधिकरण की योजना है कि न्यू नोएडा से जुड़े सभी प्रशासनिक और विकास कार्य इसी परिसर से संचालित किए जाएं। इससे जमीन अधिग्रहण, विकास योजनाओं और किसानों से जुड़े मामलों के निस्तारण में आसानी होगी। तैयार ब्लू प्रिंट को मंजूरी के लिए प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश के सामने रखा जाएगा। अगले 15 दिनों में इसका फाइनल ब्लू प्रिंट तैयार करने का लक्ष्य है। किसानों के लिए अलग से बनेगा कॉन्फ्रेंस हॉल नए कार्यालय में किसानों की सुविधा के लिए अलग कॉन्फ्रेंस हॉल बनाया जाएगा। यहां प्राधिकरण के अधिकारी किसानों के साथ बैठक कर सकेंगे। जमीन अधिग्रहण, मुआवजे और दूसरी समस्याओं पर सीधे बातचीत की जा सकेगी। इस व्यवस्था से किसानों को अपनी समस्याएं रखने के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। प्राधिकरण और किसानों के बीच संवाद भी आसान होगा। 80 गांवों की जमीन पर बसेगा न्यू नोएडा न्यू नोएडा का मास्टर प्लान 209.11 वर्ग किलोमीटर यानी 20,911.29 हेक्टेयर क्षेत्र में तैयार किया गया है। इसे गौतमबुद्धनगर और बुलंदशहर के 80 गांवों की जमीन पर विकसित किया जाना है। यहां करीब 6 लाख की आबादी बसाने का लक्ष्य है। इसके लिए प्राधिकरण ने जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज करने की तैयारी की है। गांवों में चौपाल लगाकर किसानों को परियोजना की जानकारी दी जा रही है। साथ ही जमीन अधिग्रहण के लिए उनकी सहमति लेने की कोशिश की जा रही है। चार चरणों में विकसित होगा नया शहर न्यू नोएडा को चार चरणों में विकसित करने की योजना है। इसके लिए अलग-अलग समयसीमा और जमीन का लक्ष्य तय किया गया है। पहला चरण (2023-2027): 3165 हेक्टेयर जमीन का विकास। दूसरा चरण (2027-2032): 3798 हेक्टेयर जमीन का विकास। तीसरा चरण (2032-2037): 5908 हेक्टेयर जमीन का विकास। चौथा चरण (2037-2041): 8230 हेक्टेयर जमीन का विकास। पहले चरण की समयसीमा नजदीक आने के चलते प्राधिकरण जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया में तेजी लाने की तैयारी कर रहा है। किसानों से बातचीत के साथ ही नए शहर के लिए प्रशासनिक व्यवस्था भी खड़ी की जा रही है। चोला के पास बनने वाला नया कार्यालय इसी योजना का अहम हिस्सा होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)