दो महीने से मंगली प्रसाद हाते में भरा गंदा पानी:अफसर नहीं जागे तो खपच्ची लेकर खुद सफाई करने उतरे BJP पार्षद
कानपुर में दीपावली पर जहां लोग घरों की साफ-सफाई और रोशनी के बीच त्योहार मनाने की तैयारी कर रहे हैं, वहीं लक्ष्मीपुरवा स्थित मंगली प्रसाद हाते के लोग गंदगी और जलभराव के बीच नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। पिछले दो महीने से इलाके में सीवर का गंदा पानी भरा हुआ है। डाट नाला जाम होने और सीवर लाइन ध्वस्त होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्रीय पार्षद विकास साहू खुद ही सीवर लाइन साफ करने उतर गए। उन्होंने खपच्ची लेकर सीवर लाइन की सफाई शुरू कर दी। पार्षद के इस कदम की जानकारी मिलते ही जलकल विभाग में हड़कंप मच गया। इसके बाद विभाग ने तत्काल पंप लगवाकर पानी निकालने का काम शुरू कराया। दिवाली पर भी गंदगी से राहत नहीं वार्ड-1 के पार्षद विकास साहू ने बताया कि मंगली प्रसाद हाते में काफी समय से सीवर का पानी भरा हुआ है। डाट नाला करीब छह महीने से जाम है। इसके चलते आसपास के कई इलाकों में जलभराव की समस्या बनी हुई है। लोग मोटर पंप लगवाकर किसी तरह पानी निकलवा रहे हैं। अब झाड़ू वाली गली स्थित 85/121 में अमित पांडे की दुकान के पास करीब नौ फीट गहराई में बनी सीवर लाइन भी ध्वस्त हो गई है। इस लाइन से मंगली प्रसाद हाते समेत आसपास के क्षेत्रों का पानी निकलता था। लाइन बैठने से निकासी पूरी तरह बंद हो गई और दो महीने से जलभराव की स्थिति बनी हुई है। सीवर साफ करने खुद सड़क पर उतरे पार्षद विकास साहू ने बताया कि सीवर लाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद वहां चैंबर बनवाने का प्रयास किया गया, लेकिन पूरी लाइन डैमेज होने के कारण समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। दीपावली को देखते हुए उन्होंने अस्थायी व्यवस्था के तहत मोटर पंप लगवाया था।इसके जरिए क्षतिग्रस्त लाइन वाले चैंबर से पानी निकालकर दूसरे चैंबर में डलवाया जा रहा था। इससे लगातार तीन दिन तक पानी निकलने से इलाके में कुछ राहत मिली थी। उन्होंने बताया कि जलकल विभाग के जोनल अधिकारी अमरेंद्र प्रताप सिंह ने रात में पंप हटवा दिया। इससे पानी की निकासी दोबारा बंद हो गई और हाते में फिर पहले जैसे हालात बन गए। दीपावली के बाद नई सीवर लाइन डालने का आश्वासन पार्षद का कहना है कि इलाके में गंदगी और सीवर के पानी के कारण संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों को बीमारी का सामना करना पड़ रहा है और एक मौत भी हो चुकी है। इसके बावजूद विभागीय स्तर पर स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। लोगों की परेशानी और लगातार बढ़ते जलभराव को देखते हुए उन्हें खुद सफाई के लिए उतरना पड़ा। पार्षद ने बताया कि क्षतिग्रस्त सीवर लाइन को देखते हुए दीपावली के बाद नई लाइन डलवाने की बात कही गई है। फिलहाल अस्थायी व्यवस्था से पानी निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)