दीपावली पर सैलरी नहीं मिली तो डिलीवरी सेंटर पर हंगामा:सहारनपुर में कर्मचारियों का आरोप- 16-18 घंटे काम कराकर वेतन में कटौती की
सहारनपुर में दीपावली पर वेतन नहीं मिलने से नाराज कर्मचारियों ने सोमवार शाम करीब 4 बजे एक कंपनी के डिलीवरी सेंटर पर हंगामा किया। कर्मचारियों का आरोप है कि कंपनी समय पर सैलरी नहीं दे रही है। बिना सूचना दिए मिनिमम गारंटी (MG) की व्यवस्था बंद कर दी गई। इसके अलावा वेतन से मनमाने तरीके से कटौती की जा रही है। कर्मचारियों ने मैनेजर पर ठीक से बात नहीं करने और धमकी देने का भी आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कर्मचारियों को समझाकर शांत कराया। डिलीवरी सेंटर जनकपुरी थाना क्षेत्र में राकेश केमिकल चौकी के पास स्थित है। कर्मचारी बोले- पिछले महीने का वेतन भी नहीं मिला कर्मचारी मनप्रीत ने बताया कि उसे कंपनी में काम करते हुए करीब डेढ़ महीना हुआ है। पिछले महीने का वेतन अब तक नहीं मिला। इस महीने की सैलरी को लेकर भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। कंपनी ने MG के तहत रोजाना 400 रुपए देने की बात कही थी, लेकिन बिना बताए यह व्यवस्था बंद कर दी गई। वेतन और कटौती का हिसाब भी नहीं बताया जा रहा है। कर्मचारी साहिल सिद्दीकी ने बताया कि MG के तहत करीब 12,090 रुपए महीने देने की बात हुई थी। कंपनी ने बिना किसी पूर्व सूचना के यह व्यवस्था खत्म कर दी और इसकी जानकारी एक महीने बाद दी। उनका आरोप है कि कर्मचारियों से 16 से 18 घंटे तक काम कराया गया, लेकिन तय शर्तों के मुताबिक भुगतान नहीं किया जा रहा। खाते में 8,138 रुपए आए, सैलरी स्लिप भी नहीं दी कर्मचारी देवांश ने बताया कि मैनेजर ने एडवांस और दूसरी कटौतियों के बाद 8,500 रुपए वेतन बनने की बात कही थी, लेकिन खाते में केवल 8,138 रुपए आए। सैलरी स्लिप मांगने पर देने से इनकार कर दिया गया। देवांश का आरोप है कि पहले कटौती के बावजूद 3,100 रुपए और काटने की बात कही गई। विरोध करने पर मैनेजर ने कथित तौर पर कहा, 'जो करना है कर लो, पैसे तो कटेंगे ही।' डिलीवरी सेंटर के मैनेजर उस्मान ने बताया कि कर्मचारियों की सैलरी को लेकर कुछ समस्या है। इस संबंध में कंपनी के उच्च अधिकारियों से बात की गई है। जल्द ही समस्या का समाधान कराया जाएगा। जनकपुरी थाना प्रभारी प्रदीप चीमा ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)