देव दीपावली पर दुल्हन की तरह सजेंगे काशी के घाट:नगर आयुक्त ने अधिकारियों को दिए निर्देश, बोले - सड़क से घाट तक हो जगमग
धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में विश्व प्रसिद्ध देव दीपावली महोत्सव को ऐतिहासिक, भव्य और अलौकिक बनाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को सर्किट हाउस में नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में गंगा के दोनों किनारों के घाटों, शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर की जाने वाली आकर्षक विद्युतीय सजावट तथा अस्थायी प्रकाश व्यवस्था की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान घाटों को दुल्हन की तरह सजाने का निर्देश दिया गया है। इस दौरान नगर आयुक्त ने कहा -नगर निगम का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि देव दीपावली के पावन अवसर पर काशी आने वाले देश-विदेश के लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और वे काशी की एक सुखद व अविस्मरणीय छवि लेकर लौटें। दुल्हन की तरह सजेंगे गंगा घाट
समीक्षा बैठक के दौरान अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार गुप्ता ने तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि शहर के आदमपुर, कोतवाली, दशाश्वमेध और भेलूपुर जोन के अंतर्गत आने वाले सभी छोटे-बड़े घाटों पर श्रद्धालुओं की सुगमता और सुरक्षा के मद्देनजर प्रकाश व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। विश्व प्रसिद्ध नमो घाट, अहिल्याबाई घाट, दशाश्वमेध घाट, मणिकर्णिका घाट और हरिश्चंद्र घाट सहित गंगा तट के तमाम घाटों को दुल्हन की तरह सजाया जाएगा। इन घाटों पर एलईडी झालर, फ्लड लाइट, पार लाइट और निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए जनरेटर आदि की अस्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी विभिन्न अनुभवी वेंडर्स और फर्मों को सौंपी गई है। प्रमुख मार्गों पर होगी अद्भुत सजावट
नगर आयुक्त ने बताया - प्रशासन की योजना केवल गंगा घाटों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि देव दीपावली की छटा पूरे शहर में बिखेरने के लिए मुख्य मार्गों और चौराहों को भी दूधिया रोशनी से नहलाया जाएगा। तय कार्ययोजना के तहत सर्किट हाउस से पुलिस लाइन चौराहा, चौकाघाट, मकबूल आलम रोड और लकड़मंडी से कज्जोखुरा चौराहा होते हुए नमो घाट तक विशेष प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। इसके अतिरिक्त इन मार्गों पर नई एलईडी पोल लाइट लगाने का कार्य भी युद्धस्तर पर किया जा रहा है, जिससे रात के समय आवागमन पूरी तरह सुरक्षित और सुगम रहे। दो दिन में पूरा करें कार्य
नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों और कार्यदायी वेंडरों को कड़े निर्देश दिए कि वे आपसी समन्वय बनाते हुए अगले दो दिनों के भीतर सभी कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सजावट और प्रकाश व्यवस्था के कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)