NEET-2027 में भी पेन-पेपर मोड से ही परीक्षा के आसार:नीलेकणि कमेटी जनवरी में रिपोर्ट देगी, इसके बाद मंत्रालय फैसला करेगा

Nov 20, 2026 - 04:13
0
NEET-2027 में भी पेन-पेपर मोड से ही परीक्षा के आसार:नीलेकणि कमेटी जनवरी में रिपोर्ट देगी, इसके बाद मंत्रालय फैसला करेगा
मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के लिए 2027 में होने वाली नीट-यूजी परीक्षा पेन-पेपर मोड (ओएमआर शीट) से ही होने के आसार हैं। नीट पेपर लीक पर विवाद के बीच केंद्र सरकार ने इस साल मई में घोषणा की थी कि 2027 से यह परीक्षा कंप्यूटर आधारित (सीबीटी मोड) रहेगी। लेकिन, फिलहाल इस पर अमल मुश्किल दिख रहा है। परीक्षा एनटीए को करवानी है। लेकिन, यह पेन-पेपर मोड में हो या सीबीटी में, इसका फैसला स्वास्थ्य मंत्रालय करेगा। मंत्रालय के सूत्रों का कहना है कि नंदन नीलेकणि की अध्यक्षता में गठित कमेटी की रिपोर्ट के बाद ही परीक्षा के मोड पर फैसला हो सकेगा। परीक्षा सुधार से जुड़ी इस कमेटी की रिपोर्ट पहले अक्टूबर में आनी थी। लेकिन, अब जनवरी 2027 तक आने की उम्मीद है। इसके बाद करीब 25 लाख अभ्यर्थियों की कंप्यूटर आधारित परीक्षा के लिए पर्याप्त केंद्र तैयार करना और परीक्षा की शिफ्ट संभालने जैसे कामों के लिए समय बहुत कम बचेगा। 22 लाख+ छात्रों के लिए 20 शिफ्टों की चुनौती ऑनलाइन परीक्षा की चुनौती समझने के लिए एनटीए की जेईई मेन परीक्षा से तुलना कर सकते हैं। जेईई के अप्रैल 2026 सत्र में करीब 11.10 लाख रजिस्ट्रेशन हुए थे। 9 शिफ्ट में 584 केंद्रों पर परीक्षा हुई। नीट में 22.7 लाख छात्रों के लिए व्यवस्था बनानी होगी। जेईई मेन के अप्रैल सत्र के औसत के आधार पर एक शिफ्ट में करीब 1.23 लाख छात्र परीक्षा दे सकते हैं। यही क्षमता नीट पर लागू करें तो करीब 20 शिफ्ट होंगी। रोज दो शिफ्ट हों तो परीक्षा 10 दिन में पूरी होगी। पूरी परीक्षा एक ही शिफ्ट में कराने के लिए करीब 10,750 केंद्र चाहिए होंगे। सीबीटी मोड में अगर 20 शिफ्टों में परीक्षा होती है तो हरेक का अलग प्रश्नपत्र तैयार करना होगा। कठिनाई के स्तर में अंतर संतुलित करने के लिए नॉर्मलाइजेशन जरूरी होगा। जेईई मेन में यह व्यवस्था है। नीट में इसे लागू करना चुनौतीपूर्ण होगा। नीट के आधे सवाल बायोलॉजी से होते हैं। अलग-अलग शिफ्टों में इस विषय के प्रश्नों के कठिनाई स्तर का आकलन और संतुलन करना आसान नहीं होगा। इसके साथ कंप्यूटर, बिजली, इंटरनेट, तकनीकी कर्मचारियों और परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा की व्यवस्था भी करनी होगी। 20 शिफ्टों के लायक ढांचा तैयार करना होगा मौजूदा परिस्थितियों में इतनी बड़ी परीक्षा एक शिफ्ट में कराना संभव नहीं दिखता। सीबीटी के लिए 20 शिफ्टों के लायक बुनियादी ढांचा तैयार करना होगा। इसके लिए बहुत कम समय बचा है। यदि नीलेकणि कमेटी सीबीटी मोड की सिफारिश करती है, तब भी पेन-पेपर से सीधे सीबीटी पर जाने के बजाय हाइब्रिड मोड बेहतर विकल्प हो सकता है। बड़े और मेट्रो शहरों में सीबीटी का विकल्प दे सकते हैं, जबकि छोटे शहरों में एक-दो साल तक पेन-पेपर मोड जारी रख सकते हैं। इस दौरान सीबीटी केंद्रों का नेटवर्क धीरे-धीरे बढ़े और पूरी परीक्षा सीबीटी मोड में बदली जाए। जेईई को पेन-पेपर से सीबीटी मोड में लाते समय भी हाइब्रिड मोड अपनाया गया था। ------------ ये खबर भी पढ़ें... NEET में सफल होने वालों में करीब आधे OBC:हर दूसरा सफल छात्र इसी वर्ग से NEET 2026 के नतीजों में मेडिकल शिक्षा के सामाजिक-शैक्षणिक रुझानों में बड़ा बदलाव दिखा है। इस साल परीक्षा देने वालों में OBC सबसे बड़ा वर्ग रहा। कुल रजिस्ट्रेशन में OBC की हिस्सेदारी 41.8% थी, जबकि क्वालिफाई करने वालों में यह बढ़कर 45.7% हो गई। पूरी खबर पढ़ें…

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User