बुलंदशहर में अवैध मिट्टी खनन के तीन डंपर सीज:जिला खनन अधिकारी ने टीम के साथ की छापेमारी
अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के मुमरेजपुर और फतेहगढ़ के जंगलों में अवैध खनन के खिलाफ शुक्रवार सुबह खनन विभाग ने कार्रवाई की। जिला खनन अधिकारी बृजमोहन सिंह ने टीम के साथ छापेमारी कर मिट्टी से भरे तीन डंपर पकड़े। तीनों वाहनों को अहमदगढ़ थाने लाकर सीज कर दिया गया। खनन अधिकारी के मुताबिक, जंगलों में काफी समय से अवैध रूप से मिट्टी का खनन और परिवहन किए जाने की सूचना मिल रही थी। शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। इस दौरान तीन डंपर मिट्टी से भरे मिले। टीम ने तीनों वाहनों को कब्जे में लेकर कार्रवाई की। डंपर छुड़ाने के लिए बनाया दबाव कार्रवाई की जानकारी मिलते ही कुछ खनन माफिया और उनके नुमाइंदे मौके पर और थाने पहुंच गए। उन्होंने सीज किए गए डंपरों को छुड़ाने के लिए खनन अधिकारी से सिफारिश की और दबाव बनाने का प्रयास किया। हालांकि, अधिकारी ने नियमों के तहत कार्रवाई जारी रखने की बात कही। जिला खनन अधिकारी बृजमोहन सिंह ने कहा कि जिले में मिट्टी समेत किसी भी खनिज का अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय पुलिस की जानकारी पर सवाल मुमरेजपुर और फतेहगढ़ के जंगलों में लंबे समय से अवैध खनन होने की बात सामने आने के बाद स्थानीय पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। सवाल यह है कि थाना क्षेत्र में कथित तौर पर चल रहे अवैध खनन की जानकारी स्थानीय पुलिस को क्यों नहीं हुई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)