बलरामपुर में मौसम बदलने से बढ़ी बीमारियां:जिला अस्पताल में सर्दी-जुकाम और बुखार के मरीजों की भीड़, सावधानी बरतने की सलाह

Nov 18, 2026 - 15:07
0
बलरामपुर में मौसम बदलने से बढ़ी बीमारियां:जिला अस्पताल में सर्दी-जुकाम और बुखार के मरीजों की भीड़, सावधानी बरतने की सलाह
बलरामपुर में मौसम के बदलते मिजाज और ठंड की दस्तक ने लोगों की सेहत पर असर डालना शुरू कर दिया है। दिन में हल्की धूप और सुबह-रात की बढ़ती सर्दी के बीच तापमान में हो रहे उतार-चढ़ाव से लोग तेजी से बीमार पड़ रहे हैं। जरा सी लापरवाही के चलते जिला अस्पतालों में सर्दी, जुकाम, खांसी, बुखार और सीने से जुड़ी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। इसे देखते हुए चिकित्सकों ने बच्चों, बुजुर्गों समेत सभी वर्गों को विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। तापमान के उतार-चढ़ाव से बढ़ रही परेशानी, अस्थमा मरीज रहें सावधान जिला मेमोरियल चिकित्सालय के चेस्ट स्पेशलिस्ट डॉ. गिरधर चौहान ने बताया कि मौसम बदलने के दौरान शरीर को तापमान के अनुकूल ढलने में समय लगता है। इस बीच लापरवाही बरतने पर वायरल संक्रमण और सांस संबंधी दिक्कतें बढ़ जाती हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग पहले से अस्थमा, एलर्जी या सांस की किसी बीमारी से जूझ रहे हैं, उन्हें इस मौसम में अतिरिक्त सावधानी रखने की जरूरत है। गर्म कपड़े पहनें और खानपान का रखें ध्यान, खुद से न लें एंटीबायोटिक डॉ. चौहान ने बचाव के लिए सुबह और रात के समय गर्म कपड़े पहनने तथा बच्चों व बुजुर्गों को ठंडी हवा से बचाने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि घर से बाहर निकलते समय शरीर को अच्छी तरह ढक कर रखें, खानपान में गर्म व पौष्टिक भोजन के साथ मौसमी फल और हरी सब्जियां शामिल करें। साथ ही पर्याप्त पानी पीएं और साफ-सफाई का ध्यान रखें। उन्होंने चेतावनी दी कि लगातार बुखार, सीने में दर्द, सांस लेने में दिक्कत या लंबे समय तक खांसी रहने पर घरेलू नुस्खों के बजाय तुरंत डॉक्टर को दिखाएं और बिना चिकित्सीय सलाह के एंटीबायोटिक या कोई अन्य दवा न लें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User