भाई दूज पर फिरोजाबाद स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ उमड़ी:जनरल कोच में चढ़ने के लिए धक्का-मुक्की, बस स्टैंड पर भी सीट के लिए इंतजार
फिरोजाबाद में भाई दूज पर बहनों के घर पहुंचने के लिए बुधवार सुबह से ही यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी। रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टैंड पर यात्रियों का दबाव बढ़ गया। ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही जनरल कोच में चढ़ने के लिए धक्का-मुक्की शुरू हो गई। कोच के दरवाजों पर पैर रखने तक की जगह नहीं बची। इसके बावजूद यात्री किसी तरह ट्रेन में सवार होने की कोशिश करते रहे। जनरल कोच पहले से खचाखच भरे होने के कारण नए यात्रियों को चढ़ने में मुश्किल हुई। कोई खिड़की से सामान अंदर पहुंचा रहा था तो कोई दरवाजे पर जगह बनाने के लिए जूझता दिखा। कई यात्री दरवाजों पर लटककर और खड़े होकर सफर करने को मजबूर हुए। भीड़ के चलते महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ी। कन्फर्म टिकट नहीं मिलने से बढ़ी भीड़ त्योहार के दौरान आरक्षित सीटों की मांग बढ़ने से यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में बड़ी संख्या में लोग बिना आरक्षण के ही यात्रा कर रहे हैं। जनरल कोच में क्षमता से अधिक भीड़ होने के बावजूद यात्रियों के पास दूसरे विकल्प सीमित हैं। बहनों से भाई दूज का तिलक कराने की चाह में लोग घंटों खड़े होकर सफर करने को तैयार दिखे। बस स्टैंड पर भी यात्रियों का दबाव रेलवे स्टेशन के साथ ही रोडवेज बस स्टैंड पर भी सुबह से यात्रियों की भीड़ लगी रही। बसों में सीट पाने के लिए लोगों को इंतजार करना पड़ा। बस आते ही सवार होने के लिए यात्रियों में होड़ मच गई। जिले के प्रमुख मार्गों और कस्बों में भी दिनभर यात्रियों की आवाजाही बढ़ी रही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)