आजमगढ़

AZAMGARH News:विधान परिषद समिति की बैठक में विकास कार्यों और बजट व्यय की गहन समीक्षा

आजमगढ़ 29 मार्च 2026/उत्तर प्रदेश विधान परिषद की वित्तीय एवं प्रशासकीय विलंब समिति की महत्वपूर्ण बैठक  सभापति डॉ0 रतन पाल सिंह की अध्यक्षता एवं मा0 सदस्य विजय बहादुर पाठक की गौरवमयी उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं और प्रशासकीय मामलों की गहन समीक्षा की गई। बैठक के दौरान चालू वित्तीय वर्ष में संचालित सरकारी योजना की विभागवार प्रगति का आकलन किया गया। विशेष रूप से मार्च 2026 तक स्वीकृत बजट, खर्च की स्थिति और विभागों को आपेक्षिक धनराशि न मिलने पर उनके प्रयासों की जानकारी ली गई। योजनाओं के लक्ष्य, उपलब्धियों और कमियों के कारणों पर विस्तार से चर्चा हुई। मानक के अनुरूप कार्य पूर्ण करने वाली कार्यकारी संस्थाओं के खिलाफ की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई।समीक्षा के दौरान जनपद के समस्त कार्यालयों में जनवरी 2022 से मार्च 2026 के मध्य जो कार्मिक सेवानिवृत्त हुए, से संबंधित पेंशन, ग्रेच्युटी एवं अन्य देयकों के भुगतान की स्थिति का विवरण लिया गया। साथ ही कार्यरत शिक्षकों/कर्मचारियों के चयन, वेतनमान/पदोन्नति संबंधी लम्बित प्रकरण, सभी विभागों में विगत 03 वर्षाें में मृतक आश्रित के कुल कितने मामले, उनको सेवायोजित किया गया या नही, भूमि अधिग्रहण, वृद्धावस्था/विधवा/दिव्यांगजन पेंशन की स्वीकृति सहित विभिन्न बिन्दुओं पर समीक्षा की गयी।बैठक के दौरान पुलिस विभाग के अन्तर्गत मृतक आश्रित नियुक्ति व 2025 में लम्बित मामलों तथा निर्माण कार्याें के सम्बन्ध में अपर पुलिस अधीक्षक नगर चिराग जैन ने अद्यतन जानकारी से अवगत कराया। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 एनआर वर्मा ने बताया कि कुल 22 निर्माण कार्य चल रहे हैं। मा0 सदस्य विजय बहादुर पाठक द्वारा बड़सरा खालसा में निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के अद्यतन प्रगति से अवगत कराने के सम्बन्ध में कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम लि0 के प्रभारी ने 02 माह का समय लेते हुए मई अन्त तक निर्माण कार्य पूर्ण कर हैण्डओवर के लिए आश्वस्त किया। यूनानी व आयुर्वेदिक विभाग की समीक्षा में भुगतान से संबंधित 02 मामले लम्बित पाये गये।वन विभाग की समीक्षा के दौरान डीएफओ आकांक्षा जैन ने बताया कि इस वर्ष वन विभाग द्वारा 19 लाख वृक्षारोपण तथा सभी विभागों द्वारा मिलाकर 54 लाख वृक्षारोपण किया जायेगा। मा0 सभापति ने सामाजिक सहभागिता से ट्री गार्ड लगवाने का निर्देश दिया। साथ ही मा0 प्रधानमंत्री जी के एक पेड़ मॉ के नाम कार्यक्रम से लोगों को प्रेरित करते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करायें। उन्होने वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण पर भी जोर दिया। आजमगढ़ विकास प्राधिकरण के सचिव/अपर जिलाधिकारी प्रशासन राहुल विश्वकर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के अन्तर्गत 173 एकड़ चिन्हित जमीन हेतु शासन से 100 करोड़ कैपिटल पूंजी प्राप्त हुआ है, शेष 100 करोड़ रू0 जनपद अपने स्तर से जुटाने हेतु बैंकों से समन्वय बनाते हुए पीपीपी मॉडल पर अप्रैल के अन्त तक लॉन्च प्रस्तावित है।बैठक में दि किसान सहकारी चीनी मिल सठियांव में किसानों के गन्ना मूल्य का भुगतान 41 प्रतिशत हुआ है, 134 करोड़ ड्यू है। प्रभारी मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि विभाग के 09 पशु एम्बूलेंस द्वारा आवश्यकतानुसार पशुओं का ईलाज एवं टीकाकरण कराया गया। मत्स्य निदेशक ने बताया कि 02 करोड़ 60 लाख बजट व्यय में 102 लोगों को लाभान्वित किया गया है। मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना में 18 लोगों को अनुदान सहायता राशि दी गयी। ग्राम विकास विभाग की समीक्षा में जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह ने अम्बेडकर प्रोत्साहन योजना से अवगत कराया। परियोजना निदेशक डीआरडीए ने विकास निधि के बिन्दुओं पर बल दिया।पंचायती राज विभाग की समीक्षा के दौरान डीपीआरओ ने 25 अन्त्येष्टि स्थल के निर्माण कार्याें से अवगत कराया। मा0 सभापति ने डीपीआरओ को निर्देश दिये कि सभी पंचायत भवनों में पंचायत सचिव एवं पंचायत सहायकों के उपस्थिति की रोस्टरवार सूची बनाकर चस्पा करें, जिससे ग्रामवासी आय, जाति, निवास, जन्म/मृत्य प्रमाण पत्र आदि ऑनलाइन आवेदनों को सुगमता पूर्वक करा सकें।जिला पंचायत की समीक्षा के दौरान एएमए ने बताया कि इस वित्तीय वर्ष में 17 नक्शे पास हुए हैं, जिस पर सभापति ने नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिक नक्शे स्वीकृत करने सहित अपने आमदनी श्रोत को भी बढ़ाने का निर्देश दिया। सभापति ने जिला पंचायत व सभी नगरीय निकायों के अधिशासी अधिकारियों को सख्त निर्देशित किया कि सड़क व नाली निर्माण से ऊपर उठकर जनहित में डिजिटल लाइब्रेरी, सामूहिक विवाह घर, ओपेन जिम, व्यवसायिक भवन आदि निर्माण कार्य कराये जायें।उद्यान व खाद्य प्रसंस्करण विभाग की समीक्षा में सभापति ने योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराते हुए स्वयं सहायता समूहों सहित जनमानस को लाभान्वित करने का निर्देश दिया। सदस्य विजय बहादुर पाठक ने फूलपुर में प्रसिद्ध लाल भरूवा मिर्चा मण्डी हेतु भूमि चिन्हित कर निर्माण स्थल बनाये जाने पर बल दिया। मा0 सभापति ने खाद्य सुरक्षा विभाग की समीक्षा में विभिन्न त्यौहारों के समय खाद्य पदार्थों की जांच कर सैम्पलिंग लेने का निर्देश दिया, ताकि मिलावट को रोकते हुए जनमानस को शुद्ध व स्वस्थ खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके। विद्युत विभाग की समीक्षा में बिजनेस प्लान पर प्रभावी कार्य करने पर बल दिया। साथ ही मीटर रीडर, स्मार्ट मीटर एजेन्सी तथा शिकायत रजिस्टर में दर्ज शिकायतों की जांच कर किये गये समाधान की गुणवत्ता को परखें। विद्युत बिजलेंस टीम द्वारा संयुक्त रूप से विद्युत चोरी की छापेमारी के दौरान की गयी कार्यवाहियों की एक कॉपी उपभोक्ता को अनिवार्य रूप से देते हुए की कार्यवाहियों से अवगत कराने के निर्देश दिये गये।लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान विजय बहादुर पाठक ने नरौली-भंवरनाथ मार्ग के चौड़ीकरण में अविलम्ब जर्जर पोलों को हटाते हुए गड्ढ़े भराव आदि बिन्दुओं पर बल दिया। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने अधीक्षण अभियन्ता विद्युत को निर्देश दिया कि संबंधित विभाग से पैसा प्राप्त होते ही अविलम्ब पोल शिफ्टिंग सहित अन्य कार्य को निर्धारित अवधि में पूरा करें, जिससे निर्माण कार्याें में अनावश्यक विलम्ब न हो। सिंचाई विभाग के अन्तर्गत टूटी पुलिया को अविलम्ब बनाने पर जोर दिया गया। अधिशासी अभियन्ता जल निगम (ग्रामीण) द्वारा बताया गया कि कुल 1478 में से 534 परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं। अधिशासी अभियन्ता जल निगम (नगरीय) द्वारा एक नई सीवेज ट्रीटमेंट प्लान्ट के स्वीकृति हेतु शासन को पत्र भेजा गया है।सभापति ने जिला विद्यालय निरीक्षक व बीएसए को निर्देशित किया कि आरटीई एक्ट के अन्तर्गत नियमानुसार सभी प्राइवेट स्कूलों में सीटों के सापेक्ष एडमिशन कराना सुनिश्चित करें। उन्होने समग्र शिक्षा पर बल देते हुए सभी स्कूलों में प्राथमिक उपचार किट अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहने का निर्देश दिया। समय-समय पर बालिकाओं को आयरन की गोली तथा बच्चों को अल्बेन्डाजोल की गोली खिलाने का निर्देश दिया। सभापति ने समस्त कार्यदाई संस्था के अधिकारियों को समय-समय पर निरीक्षण करते हुए कार्य को मानक के अनुसार पूर्ण करने के निर्देश दिए। बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान बेसिक शिक्षा अधिकारी से कितने विद्यालय 19 पैरामीटर में है, कितने विद्यालय में फर्नीचर एवं विद्युतीकरण तथा समग्र शिक्षा में क्या क्या-क्या आता है के बारे में जानकारी ली। इसके अलावा सभापति ने वित्तीय वर्ष 2024-25 से वित्तीय वर्ष 2025-26 में विद्यालय में नामांकन की स्थिति के बारे में भी जानकारी है। सभापति ने विशेष प्रयास करते हुए नामांकन की संख्या में वृद्धि करने के निर्देश दिए। मृतक आश्रित प्रकरण की नियुक्ति जितने भी विभागों में अभी भी लंबित है, उसको नियमानुसार पूर्ण करने के निर्देश दिए एवं नियुक्ति प्रक्रिया में जो भी नियम है उससे अवगत कराने में के भी निर्देश दिए।बैठक के दौरान सभापति द्वारा उद्यान विभाग, समाज कल्याण विभाग, पुलिस विभाग, मत्स्य विभाग, कार्यक्रम विभाग, चकबंदी विभाग, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, सिंचाई विभाग सहित सभी विभागों के कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए गए। सभापति ने बैठक मंे अनुपस्थित अधिकारियों पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों को स्पष्टीकरण जारी करने को कहा गया।बैठक के अंत में सभापति व सदस्य ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि मा0 मुख्यमंत्री जी के मंशानुरूप अपनी विभागीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराते हुए अधिकाधिक वंचित लोगों को लाभान्वित किया जाए, जिससे अन्त्योदय वर्ग को भी समाज की मुख्य धारा से जोड़ते हुए विकास पथ पर अग्रसर किया जाय। सभी कार्यालयाध्यक्ष अपने अधीन निर्माणाधीन परियोजनाओं को मानक व गुणवत्तायुक्त ढ़ंग से समय सीमा में पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। जन मानस की शिकायतों का प्रभावी तौर पर समाधान सुनिश्चित करें।जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने समिति को आश्वस्त किया कि आप द्वारा दिये गये दिशा निर्देशों व बहुमूल्य सुझावों को गम्भीरता से बल देते हुए अम्ल में लाया जायेगा एवं सभी कार्यालयाध्यक्षों द्वारा जनहितार्थ में प्रभावी कार्यवाही करते हुए समस्याओं का समाधान कराया जायेगा। सभी निर्माणीधीन परियोजनाओं को समय पर पूर्ण करा लिया जायेगा, जिसका लाभ जनपद वासियों को प्राप्त होगा।बैठक मे मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, डीएफओ आकांक्षा जैन सहित लखनऊ से आये समिति की टीम में निजी सचिव सर्वेश चन्द्र गुप्ता, संयुक्त सचिव हरी प्रताप सिंह, समीक्षा अधिकारी मनोज कुमार निम एवं अपर जिलाधिकारी प्रशासन राहुल विश्वकर्मा, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 गंभीर सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, सीएमओ डॉ0 एनआर वर्मा, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, परियोजना निदेशक सच्चीदानंद प्रसाद तथा समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!