Azamgarh news :आजमगढ़ में पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई: तीन मुठभेड़ों में तीन बदमाश घायल, गिरफ्तार


आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
जनपद में अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मुठभेड़ के दौरान तीन शातिर बदमाशों को गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया। सभी घटनाओं में आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई में वे घायल हो गए।
पहली घटना थाना तरवां क्षेत्र की है, जहां पूर्व रंजिश में एक टेम्पो चालक पर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी रमेश यादव उर्फ अनार यादव पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया। पुलिस चेकिंग के दौरान भागने की कोशिश में उसने फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।
पुलिस ने उसके पास से तमंचा, कारतूस, नकदी और मोटरसाइकिल बरामद की।दूसरी मुठभेड़ थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहती घाट के पास हुई, जहां लूट की वारदात में शामिल अंतरजनपदीय बदमाश धर्मेंद्र सिंह उर्फ अभिषेक सिंह को गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। उसके पास से अवैध असलहा, कारतूस, चोरी का बैग, लैपटॉप, मोबाइल और मोटरसाइकिल बरामद हुई।तीसरी कार्रवाई थाना गंभीरपुर क्षेत्र में हुई, जहां प्रतिबंधित पशुओं के वध और मांस तस्करी में वांछित शादाब अहमद को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चलाई, जिसके जवाब में पुलिस की फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी। मौके से तमंचा और कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी वांछित चल रहे थे और गंभीर अपराधों में शामिल थे। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।तीनों मुठभेड़ों में संबंधित थानों की पुलिस टीमों ने साहस और सतर्कता का परिचय देते हुए सफल कार्रवाई की, जिसकी वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की है।



