Azamgarh news:साफ-सफाई,अभिलेख और जनसुनवाई पर फोकस, सरायमीर थाने में बड़ा बदलाव


चौकीदारों का सम्मान, जनता से संवाद एसएसपी की जनोन्मुखी पहल चर्चा में
आजमगढ़, 21 मार्च 2026। जनपद की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं जनोन्मुखी बनाने की दिशा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार का सक्रिय और संवेदनशील नेतृत्व एक बार फिर देखने को मिला। शनिवार को उन्होंने थाना सरायमीर पहुंचकर नव-निर्मित प्रभारी निरीक्षक कक्ष का विधिवत उद्घाटन किया, जो आधुनिक पुलिसिंग और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
उद्घाटन के पश्चात एसएसपी ने पूरे थाना परिसर का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव तथा जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उनके निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य थाना स्तर पर आमजन को त्वरित, सहज और न्यायपूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना रहा।इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए थाना परिसर में वृक्षारोपण भी किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों से अपील की कि वे अपने कर्तव्यों के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति भी जिम्मेदारी निभाएं, जिससे समाज में सकारात्मक संदेश जाए।
कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण पहलू जनसंवाद रहा, जिसमें एसएसपी ने क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, व्यापारियों एवं स्थानीय लोगों के साथ खुलकर संवाद किया। उन्होंने सभी की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने में पुलिस और जनता के बीच आपसी विश्वास एवं सहयोग अत्यंत आवश्यक है।इसके साथ ही, डॉ. अनिल कुमार ने थाना क्षेत्र के चौकीदारों को अंग वस्त्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने चौकीदारों को समाज की सुरक्षा व्यवस्था की अहम कड़ी बताते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, सतर्कता और ईमानदारी से करने के लिए प्रेरित किया।
इस पूरे कार्यक्रम के दौरान उनकी कार्यशैली में अनुशासन, संवेदनशीलता और नेतृत्व क्षमता का उत्कृष्ट समन्वय देखने को मिला। उनकी पहल न केवल पुलिस महकमे में नई ऊर्जा का संचार कर रही है, बल्कि आमजन में भी सुरक्षा और विश्वास की भावना को मजबूत कर रही है।इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन, क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरनपाल सिंह सहित थाना सरायमीर भवनेश चौबे के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



