Azamgarh news :बच्चों के विवाद में लाठी डंडों से हमला कर जान से मारने की धमकी के आरोप में दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी


आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
थाना तहबरपुर क्षेत्र के नासिरुद्दीनपुर गांव में बच्चों के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें लाठी-डंडों से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस प्रकरण में दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
घटनाक्रम के अनुसार, 15 मार्च 2026 को ग्राम नासिरुद्दीनपुर निवासी इन्दल ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि गांव के ही कुछ लोगों ने बच्चों के विवाद को लेकर गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला किया तथा जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में थाना तहबरपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई, जिसमें बाद में धारा 109 बीएनएस की बढ़ोत्तरी भी की गई। शनिवार को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी जंगबहादुर (34) और प्रवेश कुमार (25) को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को नियमानुसार हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।



