मैथिली ठाकुर के ‘धृतराष्ट्र’ वाले बयान पर भड़के खेसारी लाल, ‘कम उम्र में उपलब्धियां मिल जाती हैं तो…’

बिहार में दरभंगा के अलीनगर सीट से विधायक और जानी मानी गायिका मैथिली ठाकुर के विधानसभा में दिए गए एक बयान से आरजेडी खेमे में नाराजगी है. मैथिली ने लालू प्रसाद यादव के पुत्र मोह की तुलना महाभारत के धृतराष्ट्र से की थी, जिस पर अब भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल यादव ने पलटवार करते हुए बीजेपी MLA को नसीहत दी है. उन्होंने कहा कि उनके ज्ञान बहुत कम हैं.
खेसारी लाल यादव ने बीजेपी विधायक मैथिली ठाकुर पर तंज कसते हुए कहा, ”कम उम्र में उपलब्धियां मिल जाती हैं तो इंसान ऐसे ही बोलता है. इसलिए पढ़े लिखे लोगों की जरूरत है. जिनको देश दुनिया की जानकारी है, उनको ये कद और पद मिलना चाहिए. वो चुनावी माहौल में हैं. वो एक कलाकार भी हैं. ऐसे शब्दों का इस्तेमाल उनको नहीं करना चाहिए क्योंकि तेजस्वी यादव जी हमेशा से एक बड़े भाई की तरह हैं और उनके भी पिता तुल्य लालू प्रसाद यादव जी है. तो ऐसी भाषा का प्रयोग उन्हें बिल्कुल नहीं करना चाहिए.”
राजनीति में आने का मतलब संस्कार भूलना नहीं- खेसारी लाल
आरजेडी नेता खेसारी लाल यादव ने आगे कहा, ”राजनीति में आने का मतलब ये नहीं है कि हम इंसानियत खो दें और संस्कार भूल जाएं. राजनीति अच्छी बात है आपको भलाई के लिए दुनिया ने चुना है तो उस पर काम कीजिए. किसी को छोटा बनाने और किसी को गलत बोल देने से हमें नहीं लगता है कि लोगों का उपकार होने वाला है. बिहार की उन्नति काम करने से होगी. किसी को भला बुरा करने से उन्नति नहीं होगी.”
पवन सिंह को लेकर क्या बोले खेसारी लाल?
जब उनसे पूछा गया कि पवन सिंह ने एक गाना गाया है कि खेत में दिखे पवन सिंह का पावर और गड्ढा में खेसरिया, क्या आरजेडी गड्ढा है? इस पर उन्होंने कहा, ”वो जहां हैं उनके लिए अच्छा है, मैं जहां हूं मेरे लिए अच्छा है. वो राजनेता हैं तो राजनेता ऐसे ही बोलते रहते हैं. उनके शब्दों पर मैं नहीं जाता क्योंकि उनके साथ व्यक्तिगत एक रिलेशन है. मुझे लगता है कि बड़े भाई के तौर पर हमेशा से मैंने उनका सम्मान किया है और आजीवन करता रहूंगा. दुनिया की इधर-इधर की बातें करके न संगीत का भला हो सकता है और ना ही बिहार के लोगों का भला हो सकता है.”



