खेल

भारत-दक्षिण अफ्रीका के सुपर-8 मुकाबले में भी बारिश बनेगी विलेन? मौसम को लेकर आया अपडेट

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 की पहली भिड़ंत पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच थी. 21 फरवरी, शनिवार को श्रीलंका के कोलंबो स्थित आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाने वाला मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया. अब भारतीय टीम सुपर-8 में अपना पहला मैच 22 फरवरी, रविवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलेगी. यह अगले चरण का तीसरा मुकाबला होगा. 

पाकिस्तान-न्यूजीलैंड का मैच बारिश की भेंट चढ़ने के बाद फैंस के मन में एक सवाल उठने लगा है कि क्या भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाले मैच में भी बारिश विलेन बनेगी? बता दें कि भारत का मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. तो आइए जानते हैं कि इस मैच को लेकर मौसम का ताजा अपडेट क्या है. 

भारत-अफ्रीका मैच का  मौसम  अपडेट 

एक्यूवेदर के मुताबिक, रविवार यानी मैच के दिन अहमदाबाद में बारिश का कोई आसार नहीं है. लिहाजा फैंस भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाले मुकाबले को बगैर किसी रुकावट के एंजॉय कर सकते हैं. वहीं आसमान भी बिल्कुल साफ रहने की उम्मीद है. शाम यानी मैच के वक्त तापमान करीब 27 डिग्री के आसपास रह सकता है. 

हालांकि दूसरी पारी में ओस देखने को मिल सकती है. टूर्नामेंट में अब तक नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबलों में दूसरी पारी के दौरान शबनम देखने को मिली है, जिससे बाद में बैटिंग करने वाली टीमों को फायदा पहुंच सकता है. लिहाजा, भारत-अफ्रीका के मुकाबले में भी टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी का फैसला कर सकती है. 

भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका T20I हेड टू हेड 

अब तक भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 35 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले जा चुके हैं. इन मैचों में भारत ने बढ़त हासिल करते हुए 21 में जीत हासिल की है, जबकि दक्षिण अफ्रीका ने 13 में जीत अपने नाम की है. दोनों के बीच 1 मुकाबला बेनतीजा रहा है. 

मैच के लिए भारत का स्क्वॉड: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अक्षर पटेल, संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, ईशान किशन, शिवम दुबे, वाशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, रिंकू सिंह, मोहम्मद सिराज.

मैच के लिए दक्षिण अफ्रीका स्क्वॉड: एडेन मार्कराम (कप्तान), क्विंटन डी कॉक, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, मार्को जानसेन, केशव महाराज, कगिसो रबाडा, क्वेना मफाका, लुंगी एनगिडी, जेसन स्मिथ, जॉर्ज लिंडे, कॉर्बिन बॉश, एनरिक नॉर्टजे, ट्रिस्टन स्टब्स, रयान रिकेलटन.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!