स्वास्थ्य

Best Cancer Hospital in Delhi: एम्स से राजीव गांधी अस्पताल तक, ये हैं दिल्ली के सबसे भरोसेमंद कैंसर अस्पताल; जानें सुविधाएं

Top Cancer Hospitals in Delhi: भारत में कैंसर आज एक गंभीर स्वास्थ्य चुनौती बन चुका है. नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ कैंसर प्रिवेंशन एंड रिसर्च (NICPR) के अनुसार, वर्ष 2022 में देश में लगभग 14,61,427 नए कैंसर मामलों का अनुमान लगाया गया था. TOI की एक रिपोर्ट के अनुसार, भारत में कैंसर तेजी से बढ़ती स्वास्थ्य चुनौती बनता जा रहा है. हर साल करीब 15 लाख नए मामले सामने आ रहे हैं और आने वाले दशकों में यह संख्या और बढ़ने की आशंका है. कैंसर मामलों के लिहाज से भारत अब चीन और अमेरिका के बाद दुनिया में तीसरे स्थान पर है. चलिए आपको दिल्ली के कुछ फेमस कैंसर के अस्पतालों के बारे में बताते हैं. 

AIIMS

AIIMS देश का सबसे प्रतिष्ठित सरकारी अस्पताल माना जाता है. इसका ऑन्कोलॉजी विभाग अत्याधुनिक रेडियोथेरेपी और रेडियो डायग्नोस्टिक मशीनों से लैस है. यहां स्टीरियोटैक्टिक रेडियोथेरेपी, आधुनिक लीनियर एक्सेलेरेटर और ब्रैकीथेरेपी जैसी एडवांस तकनीकें उपलब्ध हैं. भारत में पहली बार यहां वैक्यूम-असिस्टेड एडवांस्ड मैमोग्राफी यूनिट की शुरुआत की गई, जो स्टीरियोटैक्टिक ब्रेस्ट बायोप्सी में मददगार है. इसके अलावा, अस्पताल में हीमेटोपोएटिक स्टेम सेल बोन मैरो ट्रांसप्लांट कार्यक्रम भी सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है. शुरुआती चरण में कैंसर की पहचान के लिए यहां प्रिवेंटिव ऑन्कोलॉजी और स्क्रीनिंग प्रोग्राम भी चलाया जाता है.

BLK सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल

BLK सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल दिल्ली के प्रमुख निजी कैंसर अस्पतालों में गिना जाता है. यहां सर्जिकल, मेडिकल और रेडिएशन ऑन्कोलॉजिस्ट की अनुभवी टीम मिलकर मरीजों को व्यक्तिगत देखभाल प्रदान करती है. अस्पताल में आधुनिक तकनीक और विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे कैंसर की पहचान और उपचार अधिक सटीक और प्रभावी हो पाता है. यहां मरीजों को कैंसर उपचार की पूरी सुविधा एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जाती है.

राजीव गांधी कैंसर अस्पताल

इंद्रप्रस्थ कैंसर सोसायटी एंड रिसर्च सेंटर द्वारा संचालित यह अस्पताल 1994 में स्थापित हुआ था. आज यह एशिया के प्रमुख कैंसर केंद्रों में शुमार है. NABH और NABL से मान्यता प्राप्त यह संस्थान मेडिकल, सर्जिकल और रेडिएशन ऑन्कोलॉजी की विशेष सेवाएं प्रदान करता है. यहां स्वतंत्र बोन मैरो ट्रांसप्लांट यूनिट है, जहां स्टेम सेल और अनरिलेटेड डोनर ट्रांसप्लांट जैसी उन्नत प्रक्रियाएं की जाती हैं.

धरमशिला नारायणा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल

दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में स्थित यह अस्पताल दो दशक से अधिक समय से कैंसर उपचार में अग्रणी रहा है. 2017 में नारायणा हेल्थ नेटवर्क से जुड़ने के बाद यहां मेडिकल ऑन्कोलॉजी विभाग और अधिक मजबूत हुआ. अस्पताल में कीमोथेरेपी, हार्मोनल थेरेपी, बायोलॉजिकल और टार्गेटेड थेरेपी जैसी सेवाएं एक्सपर्ट डॉक्टरों की निगरानी में दी जाती हैं.

एक्शन कैंसर अस्पताल

पश्चिमी दिल्ली के केंद्र में स्थित एक्शन कैंसर अस्पताल आधुनिक सुविधाओं से लैस कैंसर केयर सेंटर है. यहां मरीजों को अत्याधुनिक तकनीक और अनुभवी एक्सपर्ट की देखरेख में उपचार उपलब्ध कराया जाता है.यहां अफगानिस्तान, नाइजीरिया, केन्या, तंजानिया, इराक और नेपाल जैसे तमाम देशों के लोग इलाज कराने के लिए आते हैं. 

इसे भी पढ़ें: Harmful Morning Habits: सुबह उठते ही करते हैं ये काम तो घट रही है आपकी उम्र, जानें अपनी गलत आदतें

Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें. किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें.

Check out below Health Tools-
Calculate Your Body Mass Index ( BMI )

Calculate The Age Through Age Calculator

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!