राज्य

समस्तीपुर में पकड़ौआ विवाह, बिहार पुलिस की तैयारी करता था नीतीश, लाइब्रेरी जाते वक्त हुआ ‘अपहरण’

बिहार के समस्तीपुर जिले से ‘पकड़ौआ विवाह’ का मामला सामने आया है. आरोप है कि बिहार पुलिस की तैयारी कर रहे एक युवक का कथित तौर पर अपहरण कर नशीला पदार्थ पिलाकर उसकी शादी करा दी गई. घटना बीते शनिवार (07 फरवरी, 2026) की रात की है. इसका वीडियो अब जाकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

होश में नहीं दिख रहा युवक, वीडियो से हो रहा साफ

युवक का नाम नीतीश कुमार बताया जा रहा है. वीडियो में साफ दिख रहा है कि नीतीश पूरी तरह नशे में है. वह अपने होश में नहीं है. इसी हालत में ‘वरमाला’ की रस्म अदा की जा रही है. हैरानी की बात यह है कि नीतीश खुद माला नहीं पकड़ पा रहा था. इस दौरान एक अन्य युवक ने जबरन उसका हाथ पकड़कर लड़की के गले में माला पहनाई. 

पटोरी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है पूरा मामला

यह घटना समस्तीपुर जिले के पटोरी थाना क्षेत्र के चकराज अली गांव बताया जा रहा है. वीडियो वायरल होते ही पूरे इलाके में एक बार फिर पकड़ौआ विवाह की चर्चा तेज हो गई है

जानकारी के अनुसार, चकराज अली गांव निवासी शंकर राय की पुत्री लक्ष्मी कुमारी का विवाह शिउरा पंचायत के जोड़ी पोखर गांव निवासी कालेश्वर राय के पुत्र नीतीश कुमार से जबरन कराया गया है. इसकी जानकारी दूल्हे ने खुद वीडियो जारी कर दी है. 

वीडियो में नीतीश कुमार खुद को पीड़ित बताते हुए कहता है कि 7 फरवरी को वह लाइब्रेरी जा रहा था. इसी दौरान गांव के कुछ युवकों ने उसे जबरन उठा लिया. आरोप है कि नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ मारपीट की गई. इसके बाद मोरवा प्रखंड स्थित खुदनेश्वर स्थान मंदिर में जबरन उसकी शादी करवा दी गई. 

युवक का यह भी आरोप है कि शादी के बाद उसे घर में बंद कर रखा गया, ताकि वह किसी से संपर्क न कर सके. इस संबंध में पटोरी थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाह सहमति से हुआ या जबरदस्ती. जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें- Udit Narayan News: सुपौल में उदित नारायण के खिलाफ महिला थाने में शिकायत, पहली पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!