Azamgarh News: देवगांव पुलिस व खाद्य विभाग की संयुक्त कार्रवाई केमिकलयुक्त कृत्रिम दूध बनाते एक अभियुक्त गिरफ्तार, 200 लीटर नकली दूध समेत भारी मात्रा में केमिकल बरामद


आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
आजमगढ़ जनपद के थाना देवगांव क्षेत्र में पुलिस व खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए केमिकल मिलाकर कृत्रिम दूध तैयार करने के मामले का खुलासा किया है। टीम ने मौके से एक अभियुक्त को गिरफ्तार करते हुए लगभग 200 लीटर नकली दूध तथा विभिन्न अपमिश्रक पदार्थ बरामद किए, जबकि मकान मालिक फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 07 फरवरी 2026 को चौकी लालगंज प्रभारी उ0नि0 सुभाष तिवारी मय पुलिस बल क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान काशी डेयरी, मिर्जाआदमपुर के प्रबंधक रजनिकान्त मिश्रा तथा अरविन्द शर्मा ने सूचना दी कि ग्राम सोफीपुर में संतोष कुमार नामक व्यक्ति अपने मकान मालिक प्रमोद राय के साथ मिलकर केमिकल मिलाकर कृत्रिम दूध तैयार कर रहा है और डेयरी में सप्लाई कर रहा है।
सूचना पर उ0नि0 राकेश कुमार सिंह सहित थाना देवगांव पुलिस तथा खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों—राजीव कुमार सिंह (एफएसओ लालगंज), शीत सिंह (एफएसओ नगर पालिका आजमगढ़), लालमणि यादव (एफएसओ आजमगढ़) व अनिल कुमार (खाद्य सहायक अधिकारी) की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। लगभग 4:05 बजे की गई कार्रवाई में अभियुक्त संतोष कुमार पुत्र चन्द्रपाल सिंह निवासी गोविन्दीगढ़ी, थाना सतरौली, जनपद एटा को केमिकलयुक्त कृत्रिम दूध व अपमिश्रक पदार्थों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि मकान मालिक प्रमोद राय मौके से फरार हो गया।
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने बताया कि वह लालच में आकर टैंकर से असली दूध निकालकर उसमें कृत्रिम दूध मिलाकर डेयरी में सप्लाई करता था तथा निकाले गए असली दूध को प्रमोद राय स्वयं का बताकर बेच देता था।
कार्रवाई के दौरान टीम ने लगभग 200 लीटर कृत्रिम दूध, करीब 100 लीटर WAY पाउडर व पानी का मिश्रण, 40 लीटर केमिकलयुक्त रिफाइंड सोयाबीन तेल, 45 किलोग्राम यूरिया, विभिन्न केमिकल जैसे एथनॉल, मिथनॉल, सोडियम हाइड्रॉक्साइड सॉल्यूशन, ग्लिसरीन, मिल्क टेस्टिंग एजेंट सहित 35 टिन, तीन बड़े ड्रम, चार प्लास्टिक डब्बे, एक छोटा ड्रम, पाइप, बाल्टी, स्टील टंकी व दूध निकालने का उपकरण बरामद किया।
इस संबंध में थाना देवगांव पर मु0अ0सं0 54/2026 के तहत धारा 274, 275, 318(1) बीएनएस में अभियोग पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार आरोपी प्रमोद राय की तलाश में जुटी है।



