पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर तेज प्रताप यादव की प्रतिक्रिया, कहा- कहीं न कहीं माहौल खराब…

बिहार के पूर्णिया से लोकसभा संसद और कांग्रेस नेता पप्पू यादव को 1995 के एक मामले में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. इस मामले को लेकर राजनीति गरमा गई है. इस बीच जनशक्ति जनता दल प्रमुख और लालू प्रसाद यादव के बेटे तेज प्रताप यादव ने पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया दी है.
तेज प्रताप यादव ने कहा कि पप्पू यादव ने अपनी मांग उठाई थी. उनको पुराने केस में उठाकर अंदर कर दिया गया है. कहीं न कहीं माहौल खराब किया जा रहा है. सरकार को इसका संज्ञान लेना चाहिए. उन्होंने कहा कि इसमें सरकार कहीं न कहीं से देख रही है और सरकार बेवकूफ तो है नहीं, सरकार संज्ञान में ले रही है.
तेज प्रताप यादव ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
तेज प्रताप यादव ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी इसमें अपना चेहरा चमकाने के लिए घुसे हैं. चेहरा चमकाने से कुछ नहीं होगा, काम करने से होगा. उन्होंने आगे कहा कि सरकार ने इसको संज्ञान में लिया हुआ है, कौन दोषी है क्या है, इसपर कार्रवाई तो होगी.
पुलिस ने पप्पू यादव को कोर्ट में किया पेश
बिहार की पूर्णिया लोकसभा सीट से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को पटना पुलिस ने शनिवार (7 फरवरी) को पटना की अदालत में पेश किया, जहां अदालत ने उन्हें दो दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया. अदालत अब उनकी जमानत याचिका पर सोमवार (9 फरवरी) को सुनवाई करेगी.
31 साल पुराने मामले में पटना पुलिस ने शुक्रवार (6 फरवरी) की रात को सांसद पप्पू यादव को गिरफ्तार किया था. पप्पू यादव के अधिवक्ता शिवानंदन भारती ने बताया कि अदालत ने दो दिनों की न्यायिक हिरासत में उन्हें भेजने का आदेश दिया है.
सोमवार को जमानत याचिका पर होगी सुनवाई
पप्पू यादव की जमानत की याचिका पर सोमवार को सुनवाई होगी. सांसद पप्पू यादव के स्वास्थ्य की स्थिति अच्छी नहीं थी. यह अदालत ने खुद देखा. पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को शुक्रवार देर रात उनके पटना के मन्दिरी स्थित घर से हाई वोल्टेज ड्रामे के बीच गिरफ्तार किया गया.



