वैलेंटाइन डे पर दिल्ली-एनसीआर बनेगा वेडिंग हॉटस्पॉट, 14 फरवरी को टूटेंगे शादी के सारे रिकॉर्ड

दिल्ली-एनसीआर में वैलेंटाइन डे शादियों के लिहाज से अब तक का सबसे व्यस्त दिन बनने जा रहा है. 14 फरवरी को इस बार सिर्फ गुलाब और चॉकलेट ही नहीं, बल्कि शहनाइयों की गूंज भी सुनाई देगी. शुभ मुहूर्त, छुट्टी और वीकेंड के मेल ने इस तारीख को शादी के बाजार का सुपरहिट दिन बना दिया है. यही वजह है कि वेन्यू से लेकर मेकअप आर्टिस्ट तक फुल बुक नजर आ रहे हैं.
शादी का सीजन 4 फरवरी से शुरू हो चुका है और राजधानी में लगातार मांग बढ़ती जा रही है. 12, 14, 19, 20 और 21 फरवरी को सबसे ज्यादा विवाह समारोह तय किए गए हैं. खासतौर पर 14 फरवरी को कपल्स ने प्यार के दिन को शादी के बंधन में बदलने का फैसला किया है.
बैंक्वेट हॉलों में दो शिफ्टों में होंगी शादियां
14 फरवरी को दिल्ली के ज्यादातर बैंक्वेट हॉल दो शिफ्टों में बुक हैं. आयोजकों के अनुसार सामान्य दिनों में जहां 25 से 26 हजार शादियों का आयोजन होता है, वहीं बड़े मुहूर्त पर यह संख्या 30 हजार के पार पहुंच जाती है. इस बार वैलेंटाइन डे पर यह आंकड़ा और भी ऊंचा रहने की उम्मीद है.
मैनेजमेंट बना सबसे बड़ी चुनौती
दिल्ली कम्युनिटी वेल्फेयर बैंक्वेट एसोसिएशन के अध्यक्ष रमेश डेंग के मुताबिक मुहूर्त और अवकाश के कारण इस दिन व्यवस्थाएं संभालना आसान नहीं होगा. मेहमानों की संख्या, पार्किंग और समय प्रबंधन को लेकर आयोजकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ रही है.
अतिरिक्त स्टाफ और ओवरटाइम से संभाली जा रही भीड़
भारी बुकिंग को देखते हुए बैंक्वेट हॉलों ने करीब 20 प्रतिशत अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया है. कर्मचारियों को ओवरटाइम दिया जा रहा है ताकि किसी भी आयोजन में कमी न रह जाए. यह सीजन होटल, कैटरिंग और इवेंट इंडस्ट्री के लिए अच्छी कमाई लेकर आया है.
बाजारों पर भी साफ नजर आया शादी का असर
राजधानी के बाजारों में फूलों, फलों और सजावटी सामान की मांग अचानक बढ़ गई है. ब्यूटी इंडस्ट्री भी पूरी तरह व्यस्त है. ग्रेटर कैलाश की मेकअप आर्टिस्ट रश्मि जानी बताती हैं कि उनके सभी पार्लरों में ब्राइडल मेकअप की एडवांस बुकिंग फुल हो चुकी है और अब आम ग्राहकों के लिए स्लॉट उपलब्ध नहीं हैं. बढ़ते काम को देखते हुए उन्होंने करीब 10 नए स्टाफ भी जोड़े हैं.
ज्योतिषीय कारणों ने बढ़ाया 14 फरवरी का महत्व
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार 14 फरवरी इस बार खास तौर पर शुभ है. आचार्य आशीष शास्त्री बताते हैं कि इस दिन उत्तराषाढ़ा नक्षत्र है, जिसे सफलता और स्थायित्व का प्रतीक माना जाता है. साथ ही शनि प्रदोष व्रत भी पड़ रहा है, जो वैवाहिक जीवन के लिए शुभ संयोग माना जाता है.
सड़कों पर बढ़ सकता है ट्रैफिक दबाव
हजारों शादियों के चलते राजधानी की कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रभावित होने की संभावना है. विकास मार्ग, एसपी मार्ग, द्वारका, एनएच-8, महिपालपुर और मायापुरी जैसे इलाकों में जाम की स्थिति बन सकती है. इसे देखते हुए बैंक्वेट और फार्म हाउस संचालकों ने पार्किंग व्यवस्था के लिए अतिरिक्त गार्ड तैनात किए हैं.



