‘स्वतंत्र देव सिंह को BJP विधायक ने नहीं बनाया था बंधक’, मंत्री दारा सिंह चौहान ने दी सफाई

उत्तर प्रदेश के गोंडा में कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने जलशक्ति मंत्री को बंधक बनाए जाने वाले विवाद पर सफाई दी है. उन्होंने कहा कि जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को विधायक द्वारा बंधक नहीं बनाया गया था.
बीते दिनों जल शक्ति मंत्री को बंधक बनाए जाने के सवाल पर दारा सिंह चौहान ने कहा कि विधायक ने किसी को बंधक नहीं बनाया. आप अक्सर देखते हैं कि जब कोई मंत्री जाता है तो वहां पर अक्सर लोगों की भीड़ जमा हो जाती है. कोई दवाब नहीं डाल रहा है.
बजट को लेकर विपक्ष पर साधा निशाना
कारागार मंत्री और गोंडा के प्रभारी मंत्री दारा सिंह चौहान ने सर्किट हाउस पहुंचकर पेश किए गए केंद्रीय बजट की खूबियों गिनाई तो वहीं विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा विपक्ष के लोगों के पास कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए सरकार पर फिजूल का आरोप लगाते हैं.
उन्होंने आगे कहा कि बीजेपी सरकार किसी का वोट नहीं कटवा रही है. संसद में सकारात्मक बातों पर चर्चा न करके आरोप लगाए जाते हैं. दारा सिंह चौहान ने कहा कि एनडीए की सरकार ने देश की संसद में सकारात्मक बहस के लिए हमेशा तैयार है, लेकिन विपक्ष पूरी तरह से मुद्दाविहीन होने के चलते संसद में कुछ करने लायक नहीं बचा है. इसलिए हमेशा बहिष्कार करके बस केवल बयान बाजी करती है.
मंत्री को बंधक बनाने के सवाल पर क्या कहा?
विधायक द्वारा जल शक्ति मंत्री के बंधक बनाने के सवाल पर दारा सिंह चौहान ने कहा हमारी पार्टी पूरी तरीके से डेमोक्रेटिक है. हर विधायक को अपनी बात कहने का अधिकार है. कोई बंधक नहीं बनाया गया है. उन्होंने आगे कहा कि जब मंत्री क्षेत्र में जाते हैं तो बहुत सारी भीड़ उनके आगे-पीछे रहती है.
जब मंत्री बीच में लोगों से बात करता है तो उसमें उसको बंधक नहीं कह सकते हैं. उनकी समस्याओं को सुनकर के अपने मंत्रालय में समस्याओं के निराकरण के लिए आदेश भी दिया है. उन्होंने कहा कि मंत्री स्वतंत्र देव सिंह द्वारा विधायक को 7 दिन का नोटिस दिए जाने की कोई जानकारी उन्हें नहीं है. यह जानकारी आपसे हमको मिल रही है.
अमेरिका के टैरिफ घटाने पर दी प्रतिक्रिया
दारा सिंह चौहान ने कहा कि सबसे बड़े देश अमेरिका ने टैरिफ को 50% से घटा करके 18 प्रतिशत कर दिया है. इससे इससे कृषि, मत्स्य पालन और पशुपालन क्षेत्रों को लाभ होगा. यह बजट बहुत लाभदायक है.



