खेल

ICC Men’s T20 World Cup: वर्ल्डकप इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले टॉप-5 गेंदबाजों में कोई भी भारतीय नहीं, इस मुस्लिम देश का गेंदबाज टॉप पर

आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होने जा रही है और टूर्नामेंट से पहले ही रिकॉर्ड्स और आंकड़ों की चर्चा तेज हो गई है. खास तौर पर टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची एक बार फिर सुर्खियों में है. हालांकि इस लिस्ट में एक बात चौंकाने वाली है. टॉप 5 में एक भी भारतीय गेंदबाज शामिल नहीं है.

शाकिब अल हसन – बांग्लादेश

टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड बांग्लादेश के अनुभवी ऑलराउंडर शाकिब अल हसन के नाम दर्ज है. शाकिब ने 2007 से 2024 के बीच 43 मैचों में 50 विकेट चटकाए हैं. उनकी कसी हुई गेंदबाजी, बेहतर इकोनॉमी और बड़े मौकों पर विकेट निकालने की क्षमता ने उन्हें इस फॉर्मेट के महान गेंदबाजों में शामिल कर दिया है.

शाहिद अफरीदी –  पाकिस्तान

इस सूची में दूसरे नंबर पर पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी हैं. अफरीदी ने 34 मैचों में 39 विकेट लेकर पाकिस्तान के लिए कई यादगार प्रदर्शन किए. अपनी तेज लेग स्पिन और आक्रामक अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले अफरीदी लंबे समय तक टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की गेंदबाजी की रीढ़ रहे हैं.

लसिथ मलिंगा – श्रीलंका

श्रीलंका के दिग्गज तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा तीसरे स्थान पर हैं. मलिंगा ने 31 मैचों में 38 विकेट अपने नाम किए हैं. उनकी यॉर्कर गेंदें आज भी बल्लेबाजों के लिए डर का कारण रही हैं.

वानिंदु हसरंगा – श्रीलंका

वहीं, श्रीलंका के ही मौजूदा दौर के स्टार स्पिनर वानिंदु हसरंगा ने कम मैच खेलने के बावजूद 37 विकेट लेकर खुद को इस सूची में शामिल कर लिया है. हसरंगा की औसत और स्ट्राइक रेट इस बात का सबूत है कि वह भविष्य में इस रिकॉर्ड को और आगे ले जा सकते हैं.

राशिद खान – अफगानिस्तान

अफगानिस्तान के राशिद खान भी 37 विकेट के साथ इस खास क्लब का हिस्सा हैं. राशिद ने अपनी तेज गति वाली लेग स्पिन से दुनिया के बड़े-बड़े बल्लेबाजों को परेशान किया है और कम समय में टी20 क्रिकेट के सबसे प्रभावशाली गेंदबाजों में गिने जाने लगे हैं.

टी20 वर्ल्डकप 2026 का शेड्यूल

अब बात टी20 वर्ल्ड कप 2026 की. टूर्नामेंट की शुरुआत 7 फरवरी को होगी, जिसमें पहला मुकाबला पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के बीच खेला जाएगा. यह मैच कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में होगा. टूर्नामेंट 8 मार्च तक चलेगा. फाइनल के लिए दो संभावित वेन्यू तय किए गए हैं- अहमदाबाद और कोलंबो. फाइनल कहां खेला जाएगा, यह फैसला पाकिस्तान की क्वालिफिकेशन स्थिति पर निर्भर करेगा. 

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!