राज्य

दिल्ली सरकार का एक साल पूरा, 8 फरवरी को रामलीला मैदान में होगा कार्यक्रम, CM रेखा गुप्ता करेंगी बड़े ऐलान

दिल्ली सरकार 8 फरवरी को रामलीला मैदान में एक भव्य और बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम का आयोजन करने जा रही है. इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, पूरी कैबिनेट और सरकार के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे, जबकि मुख्य अतिथि के तौर पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शामिल होंगे. यह कार्यक्रम राजधानी दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में बीजेपी की जीत के एक साल पूरे होने के उपलक्ष में और आगामी योजनाओं को जनता के सामने रखने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है.

सूत्रों के अनुसार, रामलीला मैदान से दिल्ली सरकार राजधानी के परिवहन ढांचे को मजबूत करने के लिए 500 नई ई-बसें जोड़ने की बड़ी घोषणा कर सकती है. इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे और शहरी सुविधाओं से जुड़ी कई नई और महत्वाकांक्षी योजनाओं का भी ऐलान किए जाने की संभावना है. सरकार का फोकस पर्यावरण अनुकूल परिवहन, ट्रैफिक दबाव कम करने और प्रदूषण से राहत देने पर रहेगा. इस मंच के जरिए सरकार यह संदेश देना चाहती है कि बीते एक साल में किए गए वादों को जमीन पर उतारने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं और आने वाले समय में विकास की रफ्तार और तेज होगी.

जनता से फीडबैक भी लिया जाएगा

2025 चुनाव के विधानसभा नतीजे 8 फरवरी को ही सामने आए थे. यही वजह है कि बीजेपी इस बड़े आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं. सभी बीजेपी विधायकों और सांसदों को कार्यक्रम से जुड़ी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं ताकि आयोजन में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित की जा सके. प्रत्येक कैबिनेट मंत्री को अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गई है, जिससे स्थानीय स्तर पर लोगों को कार्यक्रम से जोड़ा जा सके. जानकारी के मुताबिक, दिल्ली की सभी विधानसभा सीटों में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से सरकार अपनी उपलब्धियों, योजनाओं और फैसलों को सीधे जनता तक पहुंचाएगी और फीडबैक भी लिया जाएगा.

70 में से 48 सीटों पर मिली थी बीजेपी को जीत

इसी क्रम में दिल्ली बीजेपी विधायक दल की एक अहम बैठक आज आयोजित की जा रही है. यह बैठक दोपहर करीब 3:30 बजे मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के आवास पर होगी, जिसमें सरकार के एक साल पूरे होने पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रणनीति और रूपरेखा पर चर्चा की जाएगी. उल्लेखनीय है कि ठीक एक साल पहले दिल्ली विधानसभा चुनाव हुए थे, जिनमें बीजेपी ने कई वर्षों बाद आम आदमी पार्टी को हराकर पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी की थी. 70 सीटों वाली विधानसभा में बीजेपी ने 48 सीटें जीती थीं, जबकि आम आदमी पार्टी 62 से घटकर 22 सीटों पर सिमट गई थी.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!