आजमगढ़

Azamgarh News: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ट्रेलर रेलिंग तोड़कर 20 फीट नीचे गिरी खाईं में, चालक बाल-बाल बचा

 

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

आजमगढ़ जनपद के कंधरापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार रात लगभग 9 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब सरिया लादकर कोलकाता (दुर्गापुर, पश्चिम बंगाल) से अयोध्या जा रही एक ट्रेलर जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर डब्लू बी 11J 8271अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए करीब 20 फीट नीचे खाई में जा गिरी। राहत की बात यह रही कि चालक बाल-बाल बच गया और उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई।
घटना एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 238 पर दुल्लापार थाना कंधरापुर जनपद आजमगढ़ के पास हुई। तेज टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के गांवों के लोग मौके पर पहुंच गए। ट्रेलर में देखने पर चालक मौके पर नहीं मिला, जिसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 और कंधरापुर पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर बाद चालक सड़क किनारे सुरक्षित अवस्था में मिल गया। ट्रेलर चालक राधेश्याम पुत्र राजाराम निवासी कमसड़ी, थाना किरिमिदीपुर ने बताया कि वह दुर्गापुर (पश्चिम बंगाल) से सरिया लादकर अयोध्या जा रहा था। रास्ते में अचानक वाहन अनियंत्रित होकर नीचे चला गया, लेकिन वह किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। वाहन में चालक अकेला ही सवार था।
सूचना मिलते ही कंधरापुर पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को अपने साथ थाने ले गई। पुलिस ने ट्रेलर मालिक सरवन प्रजापति को फोन से घटना की जानकारी दी। वहीं दुर्घटनाग्रस्त वाहन की सुरक्षा के लिए यूपीडा (UPEIDA) की सुरक्षा टीम को मौके पर तैनात कर दिया गया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि ट्रेलर को रविवार को क्रेन की मदद से बाहर निकलवाया जाएगा। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि चालक को झपकी आने, या वाहन की तकनीकी खराबी या टायर फटने से ट्रेलर अनियंत्रित हुआ। पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर पूछताछ व जांच पड़ताल कर रही है।
गनीमत रही कि हादसे के समय एक्सप्रेसवे पर अन्य कोई वाहन इसकी चपेट में नहीं आया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!