राज्य

जोधपुर: MDM अस्पताल के ICU से भागकर मरीज की मौत, लापरवाही के आरोपों के बाद जांच कमेटी गठित

राजस्थान के जोधपुर स्थित मथुरादास माथुर (MDM) अस्पताल में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहांआईसीयू (ICU) में भर्ती एक मरीज अचानक वार्ड से बाहर निकल गया और अस्पताल परिसर में गिरने से उसकी मौत हो गई. इस घटना के बाद मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर सुरक्षा और देखरेख में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए भारी हंगामा किया.

मृतक को 4 फरवरी को लिवर संबंधी गंभीर बीमारी के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था. शनिवार को स्थिति बिगड़ने पर उसे आईसीयू में शिफ्ट किया गया. परिजनों का आरोप है कि शनिवार को मरीज अचानक आईसीयू से अपनी कैनुला और मशीनरी हटाकर बाहर निकल गया. वह दूसरी मंजिल (Second Floor) से भागते हुए ग्राउंड फ्लोर तक पहुँच गया, जहाँ गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट आई और इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.

परिजनों के गंभीर आरोप

परिजनों ने अस्पताल के सिस्टम पर सवाल उठाते हुए कहा कि मल्टीलेवल आईसीयू में न तो पर्याप्त स्टाफ था और न ही गेट पर कोई गार्ड मौजूद था. अस्पताल प्रबंधन परिजनों को मरीज के पास रुकने नहीं देता और दावा करता है कि देखरेख स्टाफ खुद करेगा, फिर मरीज अकेले बाहर कैसे आया?. यदि स्टाफ मुस्तैद होता, तो मशीनरी हटाते वक्त ही मरीज को रोका जा सकता था.

अस्पताल प्रशासन का पक्ष

अस्पताल अधीक्षक विकास राजपुरोहित ने बताया कि लिवर की समस्या के कारण मरीज को नींद की दवा नहीं दी जा सकती थी. उन्होंने दावा किया कि मरीज अचानक हिंसक हो गया और उसने स्टाफ व गार्ड के साथ मारपीट शुरू कर दी. स्टाफ ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह भागकर नीचे चला गया. घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें मरीज को उत्तेजित अवस्था में देखा जा सकता है.

जांच कमेटी गठित और पुलिस कार्रवाई

अस्पताल प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक जांच समिति का गठन किया है, जो स्टाफ की भूमिका और सुरक्षा खामियों की जांच करेगी. उधर, शास्त्री नगर थाना अधिकारी जुल्फिकार ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुँचकर स्थिति को संभाला और परिजनों की शिकायत दर्ज कर ली है.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!