भारत के सामने ठंडा पड़ा USA टीम का जोश, कप्तान सूर्यकुमार ने ठोके 84, फिर गेंदबाजों ने दिलाई 29 रनों की जीत

India vs USA Match Highlights: भारत ने बड़ी जीत के साथ अपने वर्ल्ड कप अभियान का आगाज किया है. टीम इंडिया ने यूएसए को 29 रनों से हरा दिया है. 2026 टी20 वर्ल्ड कप 2026 का यह मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेल गया, जिसमें भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 161 रन बनाए थे. इसके जवाब में यूएसए की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 132 रन ही बना पाई. मुकाबले में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 84 रनों की मैच विजेता पारी खेली.
मैच में यूएसए ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी. अमेरिकी गेंदबाजों ने भारतीय बल्लेबाजों को बड़े शॉट लगाने से रोक कर रखा था. अभिषेक शर्मा और शिवम दुबे तो खाता तक नहीं खोल सके. तिलक वर्मा ने 25 और ईशान किशन ने 20 रन बनाए, लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 84 रनों की पारी खेली. उन्होंने 49 गेंदों में यह अर्धशतकीय पारी खेली. कप्तान सूर्या का बल्ला ना चलता तो टीम इंडिया 130-140 के स्कोर पर सिमट कर रह जाती.
यूएसए की टीम के लिए शेडली वैन शाल्कविक चमके, जिन्होंने ईशान किशन, तिलक वर्मा और शिवम दुबे को एक ही ओवर में आउट करके सनसनी मचाई. उन्होंने 4 ओवरों में 25 रन देकर कुल 4 विकेट झटके. हरमीत सिंह ने भी दो विकेट लिए.
भारत की पहली जीत
यह टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम की पहली जीत है. उससे पहले पाकिस्तान और वेस्टइंडीज भी अपना-अपना पहला मैच जीत चुके हैं. गेंदबाजी में भारत के लिए मोहम्मद सिराज सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 4 ओवरों में सिर्फ 29 रन देकर 3 विकेट लिए. आपको बताते चलें कि सिराज भारत के ऑरिजिनल स्क्वाड का हिस्सा नहीं थे, उन्हें चोटिल हर्षित राणा की जगह टीम में स्थान मिला है.
उनके अलावा अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट लिए. मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती भी एक विकेट लेने में कामयाब रहे. हार्दिक पांडया सबसे महंगे साबित हुए, जिन्होंने 4 ओवरों में 34 रन लुटाए.
यह भी पढ़ें:
टी20 वर्ल्ड कप में संडे को 3 मैच, इंग्लैंड-न्यूजीलैंड-श्रीलंका दिखेगी एक्शन में; जानें सभी मुकाबलों की डिटेल्स



