राज्य

महाराष्ट्र के 12 जिलों में जिला परिषद के लिए मतदान जारी, 2 करोड़ से ज्यादा मतदाता करेंगे फैसला

महाराष्ट्र के 12 जिलों में 12 जिला परिषदों और 125 पंचायत समितियों के चुनाव के लिए मतदान आज (7 फरवरी) की सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुआ. इस चुनाव में 731 जिला परिषद सीट और 1,462 पंचायत समिति सीट के लिए कुल 7,438 उम्मीदवार मैदान में हैं. वहीं इस चुनाव में दो करोड़ से भी अधिक पात्र मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकते हैं.

आज मतदान के बाद, 9 फरवरी को शुरू होगी इसकी मतगणना

महाराष्ट्र के रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, पुणे, सातारा, सांगली, सोलापुर, कोल्हापुर, छत्रपति संभाजीनगर, परभणी, धाराशिव और लातूर की जिला परिषदों और उनके अंतर्गत आने वाली पंचायत समितियों में प्रतिनिधि चुनने के लिए यह मतदान हो रहा है. मतदान सुबह साढ़े सात बजे शुरू हुआ और शाम साढ़े पांच बजे तक जारी रहेगा. वहीं मतगणना 9 फरवरी को सुबह 10 बजे से शुरू होगी, जिसके बाद इन जिलों में लगी आदर्श आचार संहिता हटा ली जाएगी.

इस बार पुणे जिला परिषद चुनाव सबसे ज्यादा चर्चा में हैं, क्योंकि लंबे वक्त से अजीत पवार परिवार के नेतृत्व वाली NCP इस जिला परिषद का मजबूत गढ़ मानी जाती रही है. आज मतदान के समय स्वर्गीय अजीत पवार के भाई श्रीनिवास पवार अपने बेटे युगेंद्र पवार के साथ सुबह काटेवाड़ी के स्थित एक स्कूल में मतदान केंद्र पर वोट डालने पहुंचे. वहीं, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार भी पार्थ पवार और अपनी सास आशाताई पवार के साथ मतदान करेंगी. 

अजित पवार की मृत्यु की वजह से मतदान को कर दिया था स्थगित 

यह मतदान मूल रूप से 5 फरवरी को होना था, लेकिन 28 जनवरी को उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में मृत्यु और इसके बाद तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था. इसमें कुल 2,624 उम्मीदवार 731 जिला परिषद सीट के लिए चुनाव लड़ रहे हैं. इनमें 369 सीट महिलाओं के लिए, 83 अनुसूचित जाति, 25 अनुसूचित जनजाति और 191 अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए आरक्षित हैं.

इसी तरह 4,814 उम्मीदवार 1,462 पंचायत समिति सीट के लिए मैदान में हैं. इनमें 731 सीट महिलाओं के लिए, 166 अनुसूचित जाति, 38 अनुसूचित जनजाति और 342 ओबीसी के लिए आरक्षित हैं. मतदाता सूची में 1,06,33,269 पुरुष, 1,01,86,965 महिलाएं और अन्य श्रेणी के 468 मतदाता शामिल हैं. इसके लिए कुल 25,471 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. चुनाव ड्यूटी के लिए भी लगभग 1.28 लाख कर्मियों को तैनात किया गया है.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!