ब्रेकिंग न्यूज़

जालसाजों ने महिला से आवास के नाम पर ठगे 80 हजार के आभूषण, थमाया 3.40 लाख का फर्जी चेक

आजमगढ़। रानीकीसराय थाना क्षेत्र के खालीसपुर गांव में जालसाजों ने एक महिला को आवास दिलाने का झांसा देकर लगभग 80 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण ठग लिए। आरोपियों ने महिला को विश्वास में लेकर बदले में 3 लाख 40 हजार रुपये का फर्जी चेक थमाया और मौके से फरार हो गए।

खालीसपुर निवासी मुम्ताज अहमद, जो शादी-विवाह में बाजा बजाने का कार्य करते हैं, सोमवार को घर से बाहर थे। इसी दौरान दो अज्ञात बाइक सवार व्यक्ति उनके घर पहुंचे। मुम्ताज की पत्नी शाहजहां घर पर अकेली थीं। दोनों व्यक्तियों ने खुद को सरकारी आवास योजना के सर्वेक्षक बताकर कहा कि उनका आवास स्वीकृत हो चुका है, लेकिन अंतिम प्रक्रिया के लिए 6,000 रुपये जमा करना अनिवार्य है।

महिला ने जब नकद पैसे देने में असमर्थता जताई, तो आरोपियों ने आभूषण लेने की बात कही और भरोसा दिलाया कि पैसा जमा होते ही आभूषण लौटा दिए जाएंगे। भरोसे में आकर शाहजहां ने अपने सोने-चांदी के आभूषण उनके हवाले कर दिए। इसके बदले में जालसाजों ने 3.40 लाख रुपये का एक चेक थमाया, जो बाद में फर्जी निकला।

मुम्ताज अहमद के लौटने पर जब उन्हें पूरी घटना की जानकारी हुई, तो उन्होंने आसपास तलाश की, लेकिन जालसाजों का कोई सुराग नहीं मिला। दंपती ने रानीकीसराय थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

पुलिस का बयान:
प्रारंभिक जांच में मामला जालसाजी का प्रतीत हो रहा है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही जालसाजों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!