पीड़ित ने एसएसपी को सौंपा ज्ञापन, आरोपित के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग

आजमगढ़। जनपद आजमगढ़ के फूलपुर थाना क्षेत्र के मंगला बाजार निवासी निरंजन पुत्र स्वर्गीय हजारी लाल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को एक शिकायती पत्र सौंपकर मोहम्मद फैसल खान, ताहिर हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर, बक्सपुर मेजवा के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं।
निरंजन का आरोप है कि उनकी पत्नी गंभीर बीमारी से ग्रसित थीं, जिनके इलाज के लिए उन्होंने अपनी दुकान मोहम्मद फैसल को बेचने का निर्णय लिया। इस दौरान फैसल ने किस्तों में लगभग 10 लाख रुपये का भुगतान किया, जिसे निरंजन ने इलाज और क्रिया-कर्म में खर्च कर दिया।
पीड़ित के अनुसार, दुकान के शेष बकाया भुगतान की मांग करने पर फैसल ने लगातार ढाई साल तक टालमटोल किया। इसके बाद, 8 अगस्त 2025 की सुबह करीब 9:30 बजे फैसल उनके घर पहुंचे और दुकान खरीदने से साफ इनकार कर दिया। साथ ही, उन्होंने न केवल पैसे वापस मांगे बल्कि पीड़ित से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
इस घटना से भयभीत निरंजन ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर अनुरोध किया कि फूलपुर थानाध्यक्ष को मामले की जांच कराते हुए एफआईआर दर्ज करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
पुलिस अधिकारियों ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



