बस्ती जिला अस्पताल में बवाल: दो डॉक्टरों में कहासुनी से हाथापाई, CCTV में कैद पूरा घटनाक्रम

बस्ती (उत्तर प्रदेश):
उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के महिला जिला अस्पताल में उस वक्त हड़कंप मच गया जब दो वरिष्ठ डॉक्टरों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। यह पूरा घटनाक्रम अस्पताल के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया, जिसके बाद मामला सुर्खियों में आ गया।
जानकारी के अनुसार विवाद अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. अनिल कुमार और बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. तैय्यब अंसारी के बीच हुआ। डॉ. अंसारी ने बताया कि उन्होंने अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए स्टाफ नर्स की नियुक्ति की मांग को लेकर सीएमएस को एक प्रार्थना पत्र सौंपा था। इसी मुद्दे पर बातचीत के दौरान कहासुनी बढ़ गई और कथित तौर पर सीएमएस ने डॉ. अंसारी को थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद दोनों के बीच हाथापाई हो गई।घटना का वीडियो अस्पताल के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो चुका है। फुटेज के आधार पर पुलिस और अस्पताल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।फिलहाल इस घटना को लेकर अस्पताल प्रशासन और स्थानीय पुलिस ने कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि विवाद के पीछे की असली वजह क्या थी और दोषियों के खिलाफ क्या कार्रवाई होगी।अचानक हुई इस घटना ने अस्पताल की कार्यप्रणाली और प्रबंधन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मरीजों और स्थानीय लोगों में इसे लेकर गुस्सा देखने को मिल रहा है।



