ब्रेकिंग न्यूज़

मऊ में भीषण सड़क हादसा: संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति और पत्नी की मौत, चालक गंभीर रूप से घायल

मऊ। उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के सुबह 5:40 बजे वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर भीषण सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति एवं कविकुलगुरु कालिदास संस्कृत विश्वविद्यालय, रामटेक (नागपुर) के वर्तमान कुलपति प्रो. हरेराम त्रिपाठी (55 वर्ष) और उनकी पत्नी बदामी देवी (52 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कार चालक वैभव मिश्र (35 वर्ष, निवासी गोपालगंज, बिहार) गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसा कैसे हुआ

पुलिस के अनुसार, प्रो. त्रिपाठी अपनी पत्नी और चालक वैभव मिश्र के साथ इनोवा कार से नागपुर से अपने पैतृक निवास चकिया बघउजघाट, कुशीनगर जा रहे थे। नींद की वजह से चालक वैभव ने गाड़ी प्रो. त्रिपाठी को चलाने के लिए दी थी। अहिरानी के पास पेट्रोल पंप के सामने खड़े टायर पंचर ट्रेलर से इनोवा कार की भीषण टक्कर हो गई।

पुलिस और बचाव कार्य

सूचना मिलते ही दोहरीघाट पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से शवों को कार से बाहर निकाला गया और पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। घायल चालक वैभव मिश्र को पहले सीएचसी दोहरीघाट ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया।

दोहरीघाट थाना प्रभारी राज कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने ट्रेलर और इनोवा को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ट्रेलर पंचर होने के कारण सड़क पर खड़ा पाया गया, जिससे यह हादसा हुआ।

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!