मोतिहारी: खेत में बिछाए गए बिजली के तार की चपेट में आने से कोचिंग संचालक की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। जिले के पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र अंतर्गत ठीकहां बनकट में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में पानी पटाने के लिए बिछाए गए नंगे विद्युत तार की चपेट में आने से डायमंड कोचिंग सेंटर के संचालक हीरालाल कुमार (35) की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, हीरालाल कुमार सुबह शौच के लिए खेत की ओर गए थे, इसी दौरान खेत में पड़े खुले तार के संपर्क में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के भाई मोतिलाल कुमार ने आरोप लगाया कि गांव के ही वार्ड सदस्य त्रिभुवन पंडित और रामेश्वर पंडित द्वारा खेतों में पानी के लिए बांस पर बिजली का तार बिछाया गया था।
परिजनों ने इस घटना के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। घटना के बाद से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की शादी पांच वर्ष पूर्व हुई थी और वह दो बेटों व एक बेटी का पिता था।
घटना की सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष अशोक कुमार साह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मोतिहारी भेज दिया। पुलिस ने बताया कि यह हादसा गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे हुआ। परिजनों द्वारा थाने में आवेदन दिया गया है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच व आगे की कार्रवाई में जुट गई है।



