ब्रेकिंग न्यूज़

भाजपा नेताओं के विरोध से अन्नपूर्णा भवन निर्माण रुका, विवाद गहराया

रिपोर्ट – आज़मगढ़
आज़मगढ़ जिले की फूलपुर तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत गुमकोठी में प्रस्तावित अन्नपूर्णा भवन निर्माण को लेकर विवाद तेज हो गया है। ग्राम प्रधान दिनेश यादव द्वारा इमामगढ़ गांव (माहुल–पवई मार्ग, गाटा संख्या 168 ग्रामसभा भूमि) पर निर्माण शुरू कराया गया, जिसका भाजपा मंडल अध्यक्ष विमलेश पांडेय, कोटेदार फूलचंद पांडेय समेत अन्य भाजपा नेताओं ने कड़ा विरोध किया।

पुलिस ने रोका निर्माण कार्य

भाजपा नेताओं का आरोप है कि प्रधान राजनीतिक विद्वेष के चलते भवन को आबादी से दूर, निर्जन और असुरक्षित जगह पर बनवा रहे हैं, जबकि गुमकोठी में आबादी के बीच पर्याप्त सरकारी भूमि मौजूद है, जहां सड़क सुविधा भी उपलब्ध है। विरोध बढ़ने पर पुलिस ने शुक्रवार को निर्माण कार्य रुकवा दिया।

प्रशासन की जांच जारी

विवाद की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी फूलपुर अशोक कुमार ने नायब तहसीलदार अनुराग यादव को जांच का जिम्मा सौंपा। रविवार को नायब तहसीलदार ने माहुल चौकी प्रभारी सुधीर सिंह, राजस्व टीम और पुलिस बल के साथ प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया।
उपजिलाधिकारी ने कहा कि जांच अधूरी है, राजस्व टीम जल्द विस्तृत रिपोर्ट सौंपेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया –

“सरकारी धन का किसी भी स्थिति में दुरुपयोग नहीं होने दिया जाएगा।”

भाजपा जिलाध्यक्ष के निर्देश पर नेताओं ने पहुंचाया ट्रक

इस बीच भाजपा जिलाध्यक्ष विनोद राजभर के निर्देश पर भाजपा जिला मंत्री दिलीप सिंह बघेल, मंडल अध्यक्ष विमलेश पांडेय और अन्य नेता गुमकोठी पहुंचे। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय के पास खाली ग्रामसभा भूमि का निरीक्षण किया। भाजपा नेताओं ने वहां ट्रक पहुंचाकर रास्ते की सुगमता साबित की, ताकि प्रधान के उस दावे को गलत साबित किया जा सके कि उक्त स्थान तक बड़े वाहन नहीं पहुंच सकते।

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!