मेरठ में प्रॉपर्टी विवाद पर हत्या: ताऊ के बेटे ने स्कूल से लौट रहे असलम को कनपटी पर मारी गोली, CCTV में कैद वारदात

मेरठ
मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र से शनिवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दादा की प्रॉपर्टी विवाद में एक पिता की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी कोई और नहीं, बल्कि मृतक का ताऊ का बेटा है। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने वारदात के कुछ घंटे बाद ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मेरठ का लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र एक बार फिर अपराध की वजह से चर्चा में है। शनिवार सुबह एक पिता असलम अपने बच्चों को स्कूल छोड़कर घर लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से आए एक बदमाश ने उसकी कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली मार दी। गोली की आवाज से मौके पर अफरातफरी मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गए।
मृतक का नाम असलम है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सुभान, असलम का ताऊ का बेटा है। दादा की प्रॉपर्टी को लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से विवाद चल रहा था। सुभान को डर था कि असलम उसकी हिस्सेदारी पर कब्जा न कर ले। इसी के चलते उसने असलम को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में वारदात के दृश्य कैद हो गए। फुटेज में साफ दिख रहा है कि सुभान पीछे से आता है और असलम की कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली चला देता है। जैसे ही गोली चली, लोग इधर-उधर भागने लगे और आरोपी फरार हो गए।एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि घटना के बाद तुरंत स्वाट टीम समेत तीन टीमें बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। कुछ ही घंटों में सुभान और उसके साथी शादान को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि दोनों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, यह घटना पूरी तरह से पारिवारिक प्रॉपर्टी विवाद का नतीजा है। आरोपी पहले से ही मृतक की दिनचर्या जानता था, इसलिए उसने सुबह के समय वारदात को अंजाम दिया।



