सरकारी कार्य में बाधा और पुलिसकर्मियों से मारपीट के दो आरोपी गिरफ्तार,
आजमगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई, बदरका चौकी टीम ने दबोचा, अन्य की तलाश जारी

आजमगढ़। कोतवाली थाना क्षेत्र में सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों से अभद्रता करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान मोनू सोनकर (22) और सोनू सोनकर (25) पुत्रगण टिल्ठू सोनकर, निवासी कटरा अनंतपुरा, थाना कोतवाली के रूप में हुई है।
घटना 3 अगस्त की शाम करीब 6:30 बजे की है, जब कांस्टेबल सच्चिदानंद और होमगार्ड चालक राजेश राय हर्रा की चुंगी से पेट्रोल लेकर लौट रहे थे। चौक पर फल खरीदने के दौरान उन्होंने देखा कि तीन युवक एक राहगीर के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की कर रहे हैं। स्थानीय व्यक्ति के अनुरोध पर जब पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप किया, तो आरोपियों ने पुलिस पर हमला कर दिया, वर्दी फाड़ दी, और सरकारी मोटरसाइकिल को क्षतिग्रस्त करने की कोशिश की। साथ ही, पुलिसकर्मियों को जान से मारने की धमकी भी दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही बदरका चौकी प्रभारी उप-निरीक्षक राज नारायण पाण्डेय ने टीम के साथ दबिश देकर रात 8:45 बजे दोनों अभियुक्तों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल अन्य फरार आरोपियों की तलाश और कानूनी कार्रवाई जारी है।



