पीड़िता ने चौकी इंचार्ज पर लगाया 40 हजार की रिश्वत मांगने का आरोप
एकपक्षीय कार्रवाई से दबंगों के हौसले बुलंद, न्याय के लिए एएसपी दरबार पहुंचीं महिलाएं

आजमगढ़। मेहनगर तहसील क्षेत्र के धन्नीपुर बेलहाबास गांव की रहने वाली शारदा पत्नी मूलचंद और गीता पत्नी सदन ने सिंहपुर चौकी इंचार्ज पर गंभीर आरोप लगाते हुए 40 हजार रुपये की रिश्वत मांगने की बात कही है। महिलाओं का कहना है कि विपक्षी सुदामी पत्नी डिग्री और उसके बेटे लगातार उन्हें खेत में धान की रोपाई करने से रोक रहे हैं।
पीड़ितों के अनुसार, उन्होंने जिलाधिकारी के निर्देश पर कराई गई जमीन की पैमाइश और खूँट गाड़ने की प्रक्रिया के बावजूद जब खेत की जुताई शुरू की, तो विपक्षियों ने फिर विरोध किया और मारपीट की धमकी दी।
पीड़ितों ने इस बाबत सिंहपुर चौकी पर शिकायत की, लेकिन आरोप है कि चौकी इंचार्ज ने उल्टा उन्हें ही रोपाई से मना कर दिया और 40 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।
न्याय की आस में महिलाओं ने अब पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एएसपी से शिकायत की है और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।



