450 बंदियों से 1250 लोगों ने मुलाकात की:मथुरा जिला कारागार में बहनों ने भाइयों को तिलक किया, महिलाओं और बच्चों के लिए खास इंतजाम
मथुरा जिला कारागार मथुरा में बुधवार को भाई-बहन के प्रेम और विश्वास का पर्व भाई दूज धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर जेल में बंद भाइयों को तिलक करने के लिए बड़ी संख्या में बहनें और माताएं पहुंचीं। मुलाकात के दौरान कारागार प्रशासन की ओर से महिलाओं और बच्चों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए। जेल अधीक्षक अंशुमन गर्ग के निर्देशन में कारागार के बाहर मुलाकात के लिए आने वाली बहनों और माताओं को गर्मी से बचाने के लिए टेंट लगवाकर छाया की व्यवस्था की गई। वहीं, उत्तर प्रदेश अपराध निरोधक समिति के पदाधिकारियों ने भी सहयोग करते हुए महिलाओं के लिए आरओ के शुद्ध पेयजल का काउंटर लगवाया। इसके साथ ही सभी के लिए सूक्ष्म जलपान और बच्चों को चॉकलेट वितरित करने की व्यवस्था की गई। कारागार के अंदर मुलाकात स्थल पर भी विशेष इंतजाम किए गए। बड़े स्थान पर टेंट लगवाकर कारपेट बिछाया गया और आरओ के पानी की व्यवस्था की गई। बहनों को तिलक करने में असुविधा न हो, इसके लिए मुलाकात स्थल पर जगह-जगह रोली और चावल रखवाए गए। मुलाकात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस प्रशासन का भी सहयोग लिया गया। प्रतीक्षालय से लेकर कारागार के मुख्य गेट तक बड़ी संख्या में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों के साथ उपनिरीक्षकों की तैनाती की गई। वहीं, बंदियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कंट्रोल रूम से विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई। कारागार प्रशासन के अनुसार विभिन्न चरणों में अब तक 1250 महिलाएं और बच्चे अपने 450 बंदी परिजनों से मुलाकात कर चुके हैं। भाई दूज पर मुलाकात का सिलसिला लगातार जारी रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)