वाराणसी की कल की 10 बड़ी खबरें:जय शाह और राजीव शुक्ला ने गंजारी स्टेडियम का जायजा लिया, बिजली विभाग के खिलाफ धरना शुरू

Nov 19, 2026 - 06:17
0
वाराणसी की कल की 10 बड़ी खबरें:जय शाह और राजीव शुक्ला ने गंजारी स्टेडियम का जायजा लिया, बिजली विभाग के खिलाफ धरना शुरू
नमस्कार, वाराणसी की कल (बुधवार) की बड़ी खबरें… अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के चेयरमैन जय शाह और बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने गंजारी स्टेडियम का निरीक्षण किया। सीर गोवर्धनपुर की दलित बस्ती में जर्जर बिजली के खंभे नहीं बदले जाने से नाराज लोगों ने डाफी विद्युत उपकेंद्र पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। सिलसिलेवार पढ़िए 10 खबरें- 1- गंजारी स्टेडियम पहुंचे जय शाह और राजीव शुक्ला, अफसरों के साथ जाना स्टेडियम का काम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के चेयरमैन जय शाह और बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला बुधवार शाम वाराणसी पहुंचे। दोनों ने रिंग रोड स्थित गंजारी स्टेडियम का निरीक्षण कर पिच, पवेलियन, वीआईपी गैलरी और दर्शक दीर्घा का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण में मिली खामियों को दूर करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी दौरे में स्टेडियम का लोकार्पण करेंगे। पढ़ें पूरी खबर... 2- जर्जर बिजली के खंभे नहीं बदले, ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन धरना वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर की दलित बस्ती में जर्जर बिजली के खंभे नहीं बदले जाने से नाराज लोगों ने डाफी विद्युत उपकेंद्र पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि एक साल में तीन खंभे घरों पर गिर चुके हैं, जबकि पांच-छह अब भी खतरनाक हालत में हैं। सपा नेता अमन यादव के नेतृत्व में ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि खंभे बदलने का लिखित आश्वासन मिलने तक धरना जारी रहेगा। पढ़ें पूरी खबर... 3- डोसा कार्नर में तोड़फोड़ करने वाली बोली- दुकानदार ने गालियां दीं, धमकाया- जैसे तेरे बाप को मारा, वैसे तुम्हें मारेंगे वाराणसी के लीलाराम डोसा कार्नर में तोड़फोड़ करने वाली तनीषा चौरसिया ने अपना पक्ष रखा है। उनका आरोप है कि 4 नवंबर को दुकानदार बाल मुकुंद और उसके 20-25 साथियों ने पिता मनोज चौरसिया को पीटकर अधमरा कर दिया था। हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज होने के बावजूद गिरफ्तारी नहीं हुई। तनीषा का दावा है कि 14 नवंबर को दुकानदार ने बहनों को धमकाया और गालियां दीं, जिससे गुस्से में उन्होंने तोड़फोड़ की। पढ़ें पूरी खबर... 4- छठ के बाद दरभंगा से मुंबई जाएगी स्पेशल ट्रेन, वाराणसी होकर गुजरेगी; 19 नवंबर को रवाना होगी दीपावली और छठ के बाद यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे दरभंगा से मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस के बीच एक फेरा स्पेशल ट्रेन चलाएगा। ट्रेन 19 नवंबर को शाम 4:30 बजे दरभंगा से रवाना होकर अगले दिन रात 2:04 बजे वाराणसी सिटी और 2:35 बजे वाराणसी जंक्शन पहुंचेगी। वापसी में 21 नवंबर को मुंबई से सुबह 6 बजे चलकर अगले दिन सुबह 6:45 बजे वाराणसी पहुंचेगी। ट्रेन में 16 कोच होंगे। पढ़ें पूरी खबर… 5- शंकराचार्य की सरकार को चुनौती- मस्जिद स्वीकार है तो खुलकर कहें शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने अखिलेश यादव को मथुरा में कारसेवा की चुनौती देने वाले भाजपा नेताओं पर निशाना साधा। उन्होंने सीएम से पूछा कि जब वे खुद क्षत्रिय हैं और सत्ता उनके हाथ में है तो दूसरों को चुनौती देने के बजाय अपनी स्थिति स्पष्ट क्यों नहीं करते? शंकराचार्य ने कहा कि योगी सार्वजनिक रूप से बताएं कि उन्हें मस्जिद स्वीकार है या नहीं। उन्होंने यदुवंश, वृष्णि और भोज वंश का भी जिक्र किया। पढ़ें पूरी खबर... 6- काशी की जनता की प्राथमिकताएं ही मेरी प्राथमिकता: मंडलायुक्त वाराणसी के नवनियुक्त मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने कहा कि काशी में स्टेडियम, रोपवे, एयरपोर्ट विस्तार और रिंग रोड जैसी परियोजनाओं को समय से पूरा कराना प्राथमिकता होगी। देव दीपावली को इस बार खास बनाने की तैयारी की जाएगी। शहर की सफाई, घाटों की स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा और आवागमन की सुविधाएं बेहतर करने के लिए नगर निगम के साथ बैठक करेंगे। उनका लक्ष्य काशी को बेहतर शहर बनाना है। पढ़ें पूरी खबर... 7- BHU ट्रामा के सुरक्षाकर्मियों पर मारपीट का आरोप, महिला बोली- मैं दलाल नहीं, मदद करती हूं बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में महिला की पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ रहा है। महिला जूली ने सुरक्षाकर्मियों पर बाल पकड़कर घसीटने, दीवार से टकराने और रॉड से पीटने का आरोप लगाया है। वहीं, सुरक्षाकर्मी मोहम्मद हैदर खान ने जूली के खिलाफ लंका थाने में मारपीट, अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने की एफआईआर दर्ज कराई है। पढ़ें पूरी खबर... 8- BHU के स्वास्थ्य मेले में 64 स्टॉल, 20 हजार लोगों के पहुंचने की उम्मीद बीएचयू के चिकित्सा विज्ञान संस्थान में दो दिवसीय स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ हुआ। केनपा ऑडिटोरियम में लगे 64 स्टॉल पर जांच, परामर्श और जागरूकता की सुविधा मिल रही है। आयोजकों को 20 हजार लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। मेले में डॉक्टरों ने खानपान और जीवनशैली से स्वस्थ रहने के तरीके बताए। वहीं, बीएचयू 27 करोड़ रुपए की लागत से रोबोटिक सर्जरी मशीन खरीदने की तैयारी कर रहा है। पढ़ें पूरी खबर... 9- IIT-BHU की सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग में 27 पायदान की छलांग, दुनिया में 645वीं रैंक आईआईटी-बीएचयू ने क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स सस्टेनेबिलिटी 2027 में 27 पायदान का सुधार करते हुए वैश्विक स्तर पर 645वीं रैंक हासिल की है। एशिया में संस्थान 177वें और दक्षिण एशिया में 31वें स्थान पर रहा। पर्यावरण शिक्षा में 84.3 अंकों के साथ दुनिया में 217वीं रैंक मिली। वहीं, क्यूएस एशिया रैंकिंग 2027 में भी संस्थान 237वें से सुधरकर 219वें स्थान पर पहुंच गया है। 10- देवदीपावली पर 84 घाटों पर मेडिकल टीमें तैनात, 16 चेक पॉइंट पर एंबुलेंस रहेंगी अलर्ट वाराणसी में देवदीपावली पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। 84 घाटों को क्लस्टर में बांटकर मेडिकल टीमें तैनात की जाएंगी। 16 चेक पॉइंट पर एंबुलेंस और गंगा में दो वाटर एंबुलेंस रहेंगी। गंगा पार मोबाइल मेडिकल यूनिट भी तैनात होगी। सीएमओ नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक, मेडिकल स्टाफ की छुट्टियां निरस्त कर अस्पतालों में बेड आरक्षित किए गए हैं। पढ़ें पूरी खबर...

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User