ट्रेन हादसे में किसान की मौत, पत्नी को मिलेगा मुआवजा:लोक अदालत का फैसला, 5.20 लाख रुपये देने का आदेश
सुलतानपुर के ट्रेन हादसे में जान गंवाने वाले किसान की पत्नी किरन देवी को अब 5.20 लाख रुपये का मुआवजा मिलेगा। स्थायी लोक अदालत ने बुधवार शाम करीब 4:30 बजे यह अहम फैसला सुनाते हुए पीड़ित महिला को यह राशि प्रदान करने का आदेश दिया है। अदालत के अध्यक्ष राधेश्याम यादव और सदस्य राममूर्ति यादव व रमेशचंद्र यादव की पीठ ने सदर तहसील के कोहड़ा गांव निवासी किरन देवी (पत्नी स्व. पिंटू शर्मा) के पक्ष में यह निर्णय सुनाया। पिता की जमीन पर खेती कर परिवार चलाते थे पिंटू जानकारी के अनुसार, किरन देवी के पति पिंटू शर्मा की 26 जून 2023 को एक ट्रेन हादसे में मौत हो गई थी, जिसके बाद गोसाईगंज थाने की पुलिस ने शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया था। इसके बाद किरन ने 4 अगस्त 2023 को मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना एवं कल्याण योजना के तहत 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता के लिए आवेदन किया था। किरन का कहना था कि उनके ससुर जयकरन काफी बुजुर्ग हैं और खेती करने में असमर्थ हैं, इसलिए उनके पति ही पिता के नाम दर्ज जमीन पर खेती कर परिवार का भरण-पोषण करते थे और वे घर के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे। आरोप है कि राजस्व निरीक्षक ने मौके पर जांच किए बिना ही पिंटू को 'भूमिहीन' और योजना के लिए अपात्र बताते हुए रिपोर्ट लगा दी, जिसके आधार पर जिलाधिकारी सुलतानपुर ने भी आवेदन निरस्त कर दिया था। 5 लाख की सहायता राशि के साथ 20 हजार रुपये अतिरिक्त हर्जाना देने का निर्देश प्रशासन से निराश होकर पीड़िता ने स्थायी लोक अदालत की शरण ली। अदालत ने सभी साक्ष्यों और दस्तावेजों का गहन परीक्षण करने के बाद प्रशासन के तर्क को खारिज करते हुए किरन देवी को योजना के तहत 5 लाख रुपये की मुख्य सहायता राशि देने का आदेश पारित किया। इसके साथ ही अदालत ने पीड़िता को हुए आर्थिक, शारीरिक और मानसिक कष्ट के लिए 10 हजार रुपये तथा मुकदमे के खर्च के रूप में 10 हजार रुपये अतिरिक्त यानी कुल 5.20 लाख रुपये अदा करने का निर्देश दिया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)