सुजावन देव मंदिर में यमद्वितीया का मेला शुरू:11 और 12 नवंबर तक चलेगा; यमुना स्नान और पूजा से अकाल मृत्यु से मुक्ति की मान्यता

Nov 11, 2026 - 10:38
0
सुजावन देव मंदिर में यमद्वितीया का मेला शुरू:11 और 12 नवंबर तक चलेगा; यमुना स्नान और पूजा से अकाल मृत्यु से मुक्ति की मान्यता
प्रयागराज में दीपावली के बाद कार्तिक माह में यम द्वितीया (भैया दूज) के अवसर पर घूरपुर स्थित ऐतिहासिक सुजावन देव मंदिर में मेले की शुरुआत 10 नवंबर से हो गई है। 11 और 12 नवंबर तक चलने वाले इस मेले में उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। यमुना नदी के बीच चट्टानों पर बने इस प्राचीन मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए हर साल बड़ी संख्या में भक्त जुटते हैं। मान्यता है कि यहां यमुना में स्नान कर भगवान शिव और माता यमुना की पूजा करने से अकाल मृत्यु का भय दूर होता है और मोक्ष की प्राप्ति होती है। शहर से करीब 25 किलोमीटर दूर घूरपुर इलाके में भीटा पहाड़ी के पास स्थित सुजावन देव मंदिर प्राकृतिक सुंदरता और धार्मिक आस्था का अनूठा संगम है। मंदिर यमुना नदी की सतह से करीब 150 फीट ऊंचाई पर चट्टानों पर स्थित है। चारों तरफ यमुना का पानी होने के कारण यहां पहुंचने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ता है। मेले में शामिल होने वाले श्रद्धालु नावों से मंदिर तक पहुंचते हैं। यहां यमुना में आस्था की डुबकी लगाने के बाद भगवान शिव का जलाभिषेक और दीपदान करते हैं। यमराज और माता यमुना से जुड़ी है पौराणिक मान्यता सुजावन देव मंदिर से जुड़ी मान्यता के अनुसार, यम द्वितीया के दिन मृत्यु के देवता यमराज अपनी बहन माता यमुना से मिलने इसी तट पर आए थे। बहन के आतिथ्य से प्रसन्न होकर यमराज ने उन्हें वरदान मांगने को कहा। तब माता यमुना ने वरदान मांगा कि जो भी व्यक्ति इस दिन यमुना में स्नान कर सुजावन देव यानी भगवान शिव और माता यमुना की पूजा करेगा, उसे अकाल मृत्यु का भय नहीं रहेगा। यमराज ने प्रसन्न होकर तथास्तु कहा। इसी मान्यता के चलते यहां हर साल यम द्वितीया पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटती है। 10 नवंबर से शुरू हुए मेले में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ लोक उत्सव का भी माहौल है।11 और 12 नवंबर तक चलने वाले मेले में श्रद्धालु स्नान, पूजन, जलाभिषेक और दीपदान के साथ मेले में लगी दुकानों से गृहस्थी का सामान और जरूरत की चीजें भी खरीदते हैं। 11 और 12 नवंबर तक चलने वाले मेले में श्रद्धालु स्नान, पूजन, जलाभिषेक और दीपदान के साथ मेले में लगी दुकानों से गृहस्थी का सामान और जरूरत की चीजें भी खरीदते हैं। माघ मेले के बाद इसे प्रयागराज के प्रमुख मेलों में गिना जाता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User