राशन दुकान पर 56 क्विंटल से ज्यादा अनाज कम मिला:ललितपुर में महिला कोटेदार और भतीजे पर एफआईआर; स्टॉक रजिस्टर भी नहीं मिला
ललितपुर जिले के अंधियारी गांव में राशन दुकान पर गेहूं और चावल की कमी मिलने के बाद महिला कोटेदार सुजाता देवी और उनके भतीजे राहुल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पूर्ति निरीक्षक दीपक जैन ने 18 नवंबर की शाम 7 बजे जखौरा पुलिस को शिकायत दी थी। जिलाधिकारी की अनुमति के बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। शासन और जिला प्रशासन के निर्देश पर पूर्ति निरीक्षक दीपक जैन ने 13 नवंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे राशन दुकान का औचक निरीक्षण किया था। उस समय दुकान खुली थी और कोटेदार सुजाता देवी के भतीजे राहुल कार्डधारकों को राशन बांट रहे थे। पूछने पर बताया गया कि कोटेदार भैंस लेकर कहीं गई हैं। निरीक्षण के दौरान दुकान पर स्टॉक रजिस्टर नहीं मिला। 21.95 क्विंटल गेहूं और 34.60 क्विंटल चावल कम मिला रिकॉर्ड और मौके पर मौजूद अनाज की जांच में 21.95 क्विंटल गेहूं और 34.60 क्विंटल चावल कम पाया गया। शेष 13 क्विंटल गेहूं और 18.50 क्विंटल चावल सील कर पास की दूसरी राशन दुकान के विक्रेता की सुपुर्दगी में दे दिया गया। अंगूठा लगवाने के बाद भी राशन नहीं देने की शिकायत जांच के दौरान कई कार्डधारकों ने बताया कि पिछले महीने ई-पॉश मशीन पर अंगूठा लगवाने के बाद भी उन्हें राशन नहीं दिया गया। राधारानी, सावित्री, राजकुमारी और बड़ीबहू समेत अन्य कार्डधारकों ने भी दुकान पर अनियमितता की शिकायत की। 54 रुपए की चीनी के लिए 80 रुपए लेने का आरोप जांच में सामने आया कि अंत्योदय कार्डधारकों से तीन महीने में मिलने वाली 3 किलो चीनी के तय दाम 54 रुपए के बजाय 80 रुपए वसूले जा रहे थे। पिछले चार महीने में दुकान से केवल 60 से 65 प्रतिशत खाद्यान्न बांटे जाने की बात भी सामने आई। जिला पूर्ति अधिकारी बोले- कार्रवाई जारी रहेगी पूर्ति निरीक्षक दीपक जैन की शिकायत और जिलाधिकारी की अनुमति के बाद जखौरा पुलिस ने सुजाता देवी और राहुल के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत केस दर्ज किया। जिला पूर्ति अधिकारी उमेश मिश्रा ने कहा कि राशन की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)