पंचायत से लौटते बुजुर्ग से हुई थी मारपीट:इलाज के दौरान तोड़ा दम, शव सड़क पर रखकर जाम लगाया
उन्नाव के मौरावां थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में जमीन विवाद सुलझाने के लिए हुई पंचायत से लौटते समय घायल हुए रामस्वरूप लोधी की रविवार को मौत हो गई। करीब डेढ़ महीने तक इलाज के बाद उन्होंने लखनऊ के एक निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। रामस्वरूप की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों ने अकोहरी-मवई मुख्य मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। वे आरोपियों की गिरफ्तारी और मुकदमे में हत्या की धारा जोड़ने की मांग कर रहे थे। रविवार रात क्षेत्रीय विधायक अनिल सिंह मौके पर पहुंचे और परिवार को कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने आरोपियों को चेतावनी दी कि सरेंडर नहीं किया तो एनकाउंटर होगा। करीब साढ़े तीन घंटे बाद ग्रामीणों ने धरना खत्म किया। जमीन विवाद सुलझाने के लिए हुई थी पंचायत गांव के राम प्रसाद और राम हर्ष के बीच जमीन को लेकर विवाद था। इसे सुलझाने के लिए 21 सितंबर को पंचायत बुलाई गई थी। रामस्वरूप भी पंचायत में शामिल होने गए थे। आरोप है कि पंचायत के बाद लौटते समय दूसरे पक्ष के लोगों ने रामस्वरूप समेत पांच लोगों पर लाठी-डंडों से हमला किया। सभी घायल हुए और उन्हें मौरावां के 100 बेड अस्पताल में भर्ती कराया गया। रामस्वरूप की हालत गंभीर होने पर उन्हें पहले उन्नाव और फिर कानपुर रेफर किया गया। इसके बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए लखनऊ के निजी अस्पताल ले गए। मौत के बाद शव रखकर लगाया जाम परिजनों और ग्रामीणों का आरोप था कि घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की और उनकी गिरफ्तारी भी नहीं हुई। इसी नाराजगी में उन्होंने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। जाम और प्रदर्शन की सूचना पर सीओ हसनगंज तेज बहादुर सिंह और मौरावां एसएचओ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। विधायक ने दी आर्थिक मदद, आरोपियों को चेतावनी इसी बीच पुरवा विधायक अनिल सिंह भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पीड़ित परिवार को अपनी ओर से आर्थिक सहायता दी और पुलिस अधिकारियों को दर्ज मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ाने के निर्देश दिए। विधायक ने परिवार को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इस दौरान विधायक ने आरोपियों को खुली चेतावनी देते हुए कहा कि वे जल्द से जल्द पुलिस के सामने सरेंडर कर दें, अन्यथा उनके खिलाफ ऐसी कार्रवाई होगी कि पूरा परिवार याद रखेगा। उन्होंने कहा कि अगर अपराधियों ने आत्मसमर्पण नहीं किया तो उनका एनकाउंटर होगा। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अभी सपा की सरकार नहीं आई है, फिर भी इतनी गुंडई की जा रही है। विधायक के आश्वासन और पुलिस की कार्रवाई के भरोसे के बाद करीब साढ़े तीन घंटे से चल रहा धरना समाप्त हुआ।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)