ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच निकली लक्ष्मी-गणेश प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा:सोनभद्र में हवन और पूर्णाहुति के बाद श्रद्धालुओं ने किया प्रतिमाओं का विसर्जन
सोनभद्र में दीपावली पर मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना के बाद सोमवार देर शाम प्रतिमा विसर्जन की शोभायात्राएं निकाली गईं। ढोल-नगाड़ों, डीजे की धुन और जयकारों के बीच निकली शोभायात्राओं में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। देर रात तक विसर्जन का सिलसिला चलता रहा। इस दौरान यातायात व्यवस्था और सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी तैनात रहे। चार दिवसीय पूजनोत्सव के बाद निकली शोभायात्रा रॉबर्ट्सगंज नगर के उत्तर मोहाल में चंडी होटल के पास युवा मंडल सह समिति ने मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित की थीं। 6 नवंबर को प्रतिमा स्थापना के साथ शुरू हुए चार दिवसीय पूजनोत्सव का समापन सोमवार को हवन, पूर्णाहुति और शोभायात्रा के साथ हुआ। समिति ने पंडाल को रंग-बिरंगी लाइटों और झालरों से सजाया था। चार दिनों तक सुबह-शाम पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालु जुटते रहे। लोगों ने मां लक्ष्मी और भगवान गणेश के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। शीतला मंदिर चौक से धंधरौल बांध तक निकली यात्रा सोमवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन और पूर्णाहुति के बाद शोभायात्रा निकाली गई। यह शीतला मंदिर चौक, स्वर्ण जयंती चौक और महिला थाना होते हुए धंधरौल बांध पहुंची। रास्ते में लोगों ने जगह-जगह फूल बरसाकर शोभायात्रा का स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन कर प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। समिति के सदस्यों ने बताया कि यह आयोजन लगातार सातवें साल किया गया। इसमें अध्यक्ष शारदा महेश केसरी के साथ राज केसरी, शुभम सोनी, शिवम सोनी, संदीप अग्रहरि, विकास सोनकर, विशाल सोनकर, अनमोल सोनी, अंशु विश्वकर्मा, विवेक केसरी, प्रियांशु सोनकर, सुधांशु सोनकर और सन्नी सहित अन्य सदस्यों ने सहयोग किया। बच्चों ने खुद बनाई लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाएं रॉबर्ट्सगंज की न्यू कॉलोनी में बच्चों ने बाजार से प्रतिमाएं खरीदने के बजाय मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की प्रतिमाएं खुद बनाईं। उन्होंने प्रतिमाएं स्थापित कर कई दिनों तक पूजा-अर्चना की। रविवार को बच्चों ने मिलकर प्रतिमाओं का विसर्जन किया। वहीं, नगर के धर्मशाला मोड़ के पास भी पूजा-अर्चना के बाद शोभायात्रा निकालकर प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। सुरक्षा और यातायात के लिए पुलिस तैनात शोभायात्रा और विसर्जन के दौरान जाम की स्थिति से बचने के लिए ट्रैफिक पुलिसकर्मी जगह-जगह तैनात रहे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस भी शोभायात्राओं के साथ मौजूद रही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)