सुल्तानपुर में दिवाली पर SP ने बुजुर्गों संग मनाया त्योहार:रात 12 बजे के बाद AQI 900 के आसपास; पटाखों से आधा दर्जन से ज्यादा लोग झुलसे
सुल्तानपुर में रविवार रात दिवाली मनाई गई। रात 12 बजे के बाद जिले का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 900 के आसपास दर्ज किया गया। अगले दो दिनों में AQI 160-165 रहने का अनुमान है। पटाखे चलाते समय आधा दर्जन से ज्यादा लोग झुलस गए। एसपी विनीत जायसवाल ने पत्नी डॉ. तन्वी जायसवाल और बेटी विनाया के साथ शहर के तुराबखानी स्थित आनंद भवन वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के साथ दिवाली मनाई। उन्होंने बुजुर्गों से बातचीत की, उनका हालचाल जाना और आशीर्वाद लिया। परिवार ने मिठाई, फल और उपहार बांटे। बुजुर्गों के साथ फुलझड़ियां भी जलाईं। एसपी ने कहा कि दिवाली खुशियां बांटने और आपसी प्रेम का त्योहार है। उन्होंने बुजुर्गों को परिवार और समाज की धरोहर बताया। इस मौके पर सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह, कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक और अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। शहर के चौक, ठठेरी बाजार, मेजरगंज, पंचरस्ता, विवेकनगर, करौंदिया, गोलाघाट, रुद्रनगर, लाला का पुरवा और राहुल चौराहे पर रात 12 बजे के बाद तक पटाखे चलाए गए। गांधी नगर, शाहगंज वार्ड और नबीपुर में पूजा पंडाल सजाए गए, जहां लोग दर्शन करने पहुंचे। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रदेश सचिव रणजीत सिंह सलूजा ने दिवाली पर गुरुद्वारे में माथा टेका और दीप जलाया। उन्होंने सभी परिवारों की खुशियों की कामना की। पटाखे चलाते समय बड़े और बच्चे समेत आधा दर्जन से ज्यादा लोग झुलस गए। उनका राजकीय मेडिकल कॉलेज में इलाज किया गया। कुड़वार थाना क्षेत्र के अलीगंज निवासी राज (17), पिता अमरीश, का पटाखा चलाते समय दाहिने हाथ का अंगूठा उड़ गया। राजकीय मेडिकल कॉलेज में जलने से घायल मरीजों के इलाज के लिए 15 बेड रिजर्व किए गए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)